रायपुर

सिहावा क्षेत्र में सिंचाई के लिए 8 योजनाएं प्रस्तावित, तीन को मंजूरी
05-Mar-2021 6:01 PM
   सिहावा क्षेत्र में सिंचाई के लिए 8 योजनाएं प्रस्तावित, तीन को मंजूरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 मार्च। सिहावा विधानसभा क्षेत्र में असिंचित खेतों की सिंचाई के लिए 8 योजनाएं प्रस्तावित है। इसमें से 3 योजनाओं को प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है।  यह जानकारी कृषिमंत्री रविन्द्र चौबे ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

प्रश्नकाल में कांग्रेस सदस्य डॉ. लक्ष्मी ध्रुव ने जानना चाहा कि सिहावा विधानसभा क्षेत्र में जनवरी 2021 की स्थिति में कुल कितनी कृषि क्षेत्रफल सिंचित एवं असिंचित है? असिंचित कृषि क्षेत्रफल में सिंचाई सुविधा विस्तार के लिए क्या योजना बनाई गई है? क्या इन योजनाओं की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है? इसके अलावा सिहावा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कुल कितनी उद्वहन नहर सिंचाई परियोजनाएं हैं?

इसके जवाब में कृषिमंत्री श्री चौबे ने बताया कि सिहावा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जनवरी 2021 की स्थिति में कुल 36 हजार 317 हेक्टेयर सिंचित एवं 20 हजार 459 असिंचित क्षेत्रफल है। असिंचित कृषि क्षेत्रफल की सिंचाई सुविधा विस्तार के लिए 8 योजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें से 3 योजनाओं की प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है।

उन्होंने इससे जुड़े सवाल के जवाब में यह भी बताया कि इस विधानसभा क्षेत्र में एक अमलीडीह उद्वहन सिंचाई योजना निर्मित है। योजना की प्रशासकीय स्वीकृति 61.75 लाख रूपये, व्यय 71.94 लाख रूपये एवं सिंचित रकबा 405 हेक्टेयर खरीफ है। योजना पूर्ण हो चुकी है। उद्वहन सिंचाई योजना का कमाण्ड क्षेत्र राजाडेरा जलाशय के वर्ष 2015 में पूर्ण होने के बाद राजाडेरा जलाशय के कमाण्ड क्षेत्र में समायोजित हो चुका है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news