‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 10 मार्च। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ प्राचार्य गिरीश कुरचानिया के सेवानिवृत होने पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। प्राचार्य गिरीश का व्यक्तित्व सरल, अनुशासित सकारात्मक सोच वाला रहा। अपने कार्यकाल में ईमानदारीपूर्वक कार्य किया और किसी भी प्रकार की शिकायत का मौका नहीं दिया।
सेवानिवृत्ति पर प्राचार्य कुरचानिया ने अपने भावविभोर संबोधन में सेवाकाल की 36 वर्षों की कठिन परिस्थितियों में भी ईमानदारी से पॉजिटिव सोच के साथ काम करने की बात कही तथा किसी भी उच्च अधिकारी को कुछ कहने का मौका नहीं दिया और न ही स्पष्टीकरण देना पड़ा यही शिक्षा जगत में मेरी सबसे बड़ी पूंजी है।
कार्यक्रम को प्राचार्य संजीव सिंह, सुदीप्ता शर्मा, लांजेवार, सत्येंद्र सिंह तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनेद्रगढ़ सुरेंद्र सिंह एवं जनकपुर इस्माइल खान ने भी संबोधित किया।
ज्ञात हो कि कुरचानिया शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवा बस्तर से 180 किलोमीटर दूर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोन्टा से 1988 में प्रारंभ की तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनेद्रगढ़ में 2007 में व्याख्याता के पद पर कार्यभार ग्रहण किया। वर्ष 2013 में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलबहरा के प्राचार्य बने तत्पश्चात 2019 से 2022 तक मनेंद्रगढ़ में विकासखंड शिक्षा अधिकारी के पद के दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। वर्तमान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नागपुर से सेवानिवृत्ति हुए।