मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

अंबेडकर जयंती ‘ज्ञान दिवस’ के रूप में मनाई
16-Apr-2026 4:16 PM
अंबेडकर जयंती ‘ज्ञान दिवस’ के रूप में मनाई

शोभायात्रा व संविधान जागरूकता रैली निकाली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेन्द्रगढ़, 16 अप्रैल। रानी दुर्गावती गोंडवाना भवन, इमली गोली डोमनापारा में एसटी-एससी-ओबीसी महासंघ, जिला एमसीबी के संयुक्त तत्वावधान में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती ‘ज्ञान दिवस’ के रूप में मनाई गई।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद नगर में शोभायात्रा एवं संविधान जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। रैली का समापन रानी दुर्गावती गोंडवाना भवन परिसर में हुआ, जहां यह आमसभा में परिवर्तित हो गई।

सभा में अतिथियों ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महासंघ के जिला अध्यक्ष शरण सिंह ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर ने देश को संविधान के माध्यम से समानता, स्वतंत्रता और न्याय का मार्ग दिखाया।

मुख्य अतिथि पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर के जीवन और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति को आगे बढऩे का मार्ग प्रदान करती है और अपने अधिकारों की समझ विकसित करती है। विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश सिंह ने डॉ. अंबेडकर के योगदान का उल्लेख करते हुए संविधान निर्माण में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचारों और संविधान के मूल संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है, ताकि लोग अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें।

कार्यक्रम में अधिवक्ता राम नरेश पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजेश साहू सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। संचालन परमेश्वर सिंह ने किया तथा आभार प्रदर्शन संतोष सिंह द्वारा किया गया।


अन्य पोस्ट