‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भोपालपटनम, 7 मार्च। जनपद पंचायत भोपालपटनम के भद्रकाली सभागार में नवनिर्वाचित जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित जनपद सदस्यों को एसडीएम यशवंत नाग व सीईओ दिलीप उइके ने शपथ दिलाई। सबसे पहले जीते सदस्यों के साथ अध्यक्ष सरिता कुडेम और उपाध्यक्ष नीलम गणपत को शपथ दिलाई गई, उसके बाद उनका स्वागत किया गया।
समारोह में सबसे पहले जनपद अध्यक्ष सरिता कुडेम ने शपथ ली, उनके बाद उपाध्यक्ष नीलम गणपत ने शपथ ली फिऱ जनपद सदस्यों में दिनेश मड़े, रीना भगत, गणेश पोट्टेम, यशोदा एजा, सरस्वती सड्रा, राहुल यालम, शांता मिच्चा ने शपथ ली।
भाजपा के जिलाध्यक्ष घासीराम नाग ने कहा कि जनता ने इस बार भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास जताया है और हम उस पर खरे उतरेंगे। आम जनता की सेवा करेंगे, सभी योजनाओं को जन-जन तक पहुचायेंगे।
पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार ने कहा कि जनता के बीच किए वादों को पूरा किया जाएगा। आज शपथ ग्रहण के बाद हमारे जनप्रतिनिधि लोगों के बीच होंगे, उनके हर सुख-दुख में साथ रहेंगे और उनकी हर मांग को सरकार तक पहुचायेंगे। अब पंचायत से लेकर राज्य और केंद्र तक हमारी सरकार है, गांव में विकास की गंगा बहेगी।
शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के जिलाध्यक्ष घासीराम नाग, पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार, उपाध्यक्ष मुरली मनोहर चांडक, महामंत्री बिलाल खान, उगेन्द्र वासम, निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य कविता कोरम, गिरिजा शंकर तामड़ी, अखिलेश गुरला व अन्य भाजपा कार्यकर्त्ता अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंडल कार्यकर्ताओं ने बनाई कार्यक्रम से दूरी
जनपद के इस शपथ ग्रहण समारोह में भारतीय जनता पार्टी के मंडल कार्यकर्ताओं ने दूरी बनाई। कुछ लोगों का आरोप है कि उन्हें आमंत्रण नहीं मिला और कुछ अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव से खफा हैं। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष पूर्व अध्यक्ष सहित सभी मजबूत कार्यकर्ता गायब रहे।
इस बार भाजपा के पक्ष में वोटिंग
बीजापुर जिले में त्रिस्तरीय पंचायत तीन चरणों में संपन्न कराया गया। पहले चरण में बीजापुर, दूसरे चरण में भोपालपटनम एवं उसूर और तीसरे चरण में भैरमगढ़ ब्लॉक में चुनाव संपन्न हुए।
नक्सल प्रभावित जिला होने के बावजूद भी इस साल अच्छे प्रतिशत की वोटिंग हुई है। अंदरुनी गांव में भी लोग इस महापर्व में बढ़-चढक़र हिस्सा लिए हैं और कांग्रेस के मुकाबले भारतीय जनता पार्टी का प्रदर्शन अच्छा रहा है।
जिले के चार ब्लॉकों में भोपालपटनम, उसूर, भैरमगढ़ जनपद पंचायतों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष भाजपा के बने हैं और एक बीजापुर में कांग्रेस के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनकर आए हैं।