बीजापुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 16 फरवरी। बीजापुर जिले में माओवादी संगठन के खिलाफ चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियानों के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान के दौरान आईईडी, विस्फोटक सामग्री और नक्सलियों के अवैध स्मारकों को बरामद कर ध्वस्त किया गया।
थाना उसूर क्षेत्र में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 229वीं वाहिनी की टीम ने ताड़पाला बेस एरिया में सघन सर्चिंग के दौरान बेस से दक्षिण दिशा की ओर नाले के पास लगाए गए दो आईईडी बरामद किए। इनमें एक आईईडी बियर बोतल में और दूसरा बीजीएल में प्लांट किया गया था। आगे की तलाशी में जमीन के भीतर डंप कर रखी गई बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री एवं अन्य माओवादी सामान भी बरामद किया गया।
बरामद सामग्री में बीजीएल 40 , बीजीएल राउंड 35 , बैटरी 90 , डायरेक्शनल आईईडी निर्माण हेतु लोहे की पाइप 7 , कच्चा ग्रेनेड बनाने की सामग्री, लोहे की प्लेट, लेथ मशीन के पार्ट्स, आयरन कटर ब्लेड, प्लास्टिक ड्रम, स्टील ट्रंक, वाटर पंप, साबुन, डिटर्जेंट पाउडर, मैगजीन पाउच सहित अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल है।
इसी क्रम में केरिपु 22वीं एवं 214वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने थाना भोपालपटनम क्षेत्र के कोंडापडग़ु इलाके में एरिया डॉमिनेशन और डिमाइनिंग अभियान के दौरान जमीन में प्लांट किए गए चार बियर बॉटल आईईडी बरामद किए, जिन्हें सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
इसके अलावा थाना उसूर क्षेत्र के कमलापुर के जंगलों तथा थाना गंगालूर क्षेत्र के कोरचोली में निर्मित अवैध नक्सली स्मारकों को भी सुरक्षाबलों ने ध्वस्त कर दिया। जिले में माओवादी संगठन के विरुद्ध सुरक्षाबलों की कार्रवाई लगातार जारी है और सघन सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।


