सरगुजा

मतगणना आज, होगा प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
14-Feb-2025 9:37 PM
मतगणना आज, होगा प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

 सीधा मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच, 48 वार्ड में 124 सहित मेयर के लिए 6 प्रत्याशी है मैदान में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 14 फरवरी। नगर निगम चुनाव का परिणाम शनिवार को घोषित कर दिया जाएगा। सुबह 9 बजे से स्थानीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में पार्षद और महापौर प्रत्याशियों के लिए किए गए मतदान की मतगणना की जाएगी। लगभग 2 बजे तक पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगा कि इस नगर निगम चुनाव में जनता किसके साथ है।

शहर सरकार के लिए नगर के 48 वार्ड में जहां 124 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है, वहीं महापौर के लिए 6 प्रत्याशी मैदान में है। महापौर के लिए सीधा मुकाबला कांग्रेस से लगातार दो बार महापौर रहे अजय तिर्की और भाजपा की मंजूषा भगत के बीच है।

 ज्ञात हो कि लगातार दो बार अंबिकापुर नगर निगम के महापौर रहे डॉ. अजय तिर्की पूर्व में बतौर चिकित्सक सेवाएं दे चुके हैं वहीं वर्ष 2023 विधानसभा चुनाव में हुए रामानुजगंज से चुनाव हारे थे। भाजपा की महापौर प्रत्याशी मंजूषा भगत भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रही है। वर्तमान में भाजपा सरगुजा की जिला उपाध्यक्ष है। नगर निगम की सीनियर पार्षद मंजूषा भगत पहले महापौर चुनाव हार चुकी है।

ज्ञात हो कि अंबिकापुर निगम के 48 वार्ड में 1 लाख 21 हजार 454 मतदाता है। इनमें 76,764 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें 38,471 पुरुष, 38,287 महिला और 6 तृतीय लिंग के मतदाताओं ने मतदान किया। वहीं, नगर पंचायत लखनपुर के 15 वार्डों में कुल 5692 मतदाताओं में 4,713 मतदाताओं ने मतदान किया। इनमें 2,276 पुरुष और 2,437 महिला मतदाता शामिल रहे। नगर पंचायत सीतापुर के 15 वार्डों में कुल 6589 मतदाताओं में 5,373 मतदाताओं ने अपनी जिम्मेदारी निभाई, जिसमें 2,639 पुरुष और 2,734 महिला मतदाताओं ने अपने  मताधिकार का प्रयोग किया।

 इस तरह नगर पालिका निगम अम्बिकापुर में 63.20 प्रतिशत, नगर पंचायत लखनपुर में 82.80 प्रतिशत और नगर पंचायत सीतापुर में 81.54 प्रतिशत मतदान हुआ। कुल मिलाकर जिले के तीनों नगरीय निकायों में 64.94 प्रतिशत मतदान हुआ।

नगरीय निकायों के लिए मतगणना शनिवार 15 फरवरी को सुबह 9 बजे से शुरू होगी, जिसमें नगर निगम के महापौर, अध्यक्ष और पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के बीच हार-जीत का फैसला होगा।

अंतिम समय तक अनुमान, समीक्षा रही जारी

मतदान के बाद से जारी नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न विभिन्न वार्ड को लेकर चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों में जनता ने किसका साथ दिया और किसका नहीं इसे लेकर अनुमान और समीक्षा अंतिम समय चलती रही। कौन किस पर कितना भारी पड़ेगा इसे लेकर कयासों का दौर भी शुक्रवार को विभिन्न चौक चौराहों में चलता रहा। जिस प्रकार से मतदान का प्रतिशत सामने आया है इसे लेकर भी लोगों के बीच दोनों ही मुख्य दलों कांग्रेस और भाजपा के बीच अपनी-अपने प्रतिक्रियाओं को भी व्यक्त करते देखा गया।

फैसले के पहले की रात प्रत्याशियों पर भारी

फैसले के एक दिन पहले की रात प्रत्याशियों पर काफी भारी रही। जिस प्रकार से जनता के द्वारा अनुमान और कयास लगाए जाते रहे इसे देखकर इस चुनाव में अपने-अपने वार्डों में पूरे जोर-शोर से प्रचार प्रसार करने वाले प्रत्याशी भी अपने वार्डों को की जनता के समर्थन को लेकर कई प्रकार से आसंकित नजर आए। शनिवार को चुनाव का क्या परिणाम आएगा, इसे लेकर प्रत्याशियों की नींद उड़ी रही।

कई वार्डों में निर्दलीय बिगाड़ सकते हैं समीकरण

अंबिकापुर नगर निगम के 48 वार्ड में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला तो है लेकिन कई वार्ड में जातिगत समीकरण व भीतरघात के चलते भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशियों का समीकरण बिगड़ सकता है। वही शहर के 12 वार्डों में भाजपा द्वारा वार्ड के बाहर के प्रत्याशियों को टिकट देने से मामला बिगड़ भी सकता है। अंबिकापुर शहर में कई ऐसे वार्ड है जहां भाजपा और कांग्रेस से बागी हुए प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं तो कुछ लोग जिन्हें टिकट नहीं मिला भीतर घात करने की खबर है,जिससे प्रमुख दलो के प्रत्याशियों का समीकरण बिगड़ सकता है।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news