सरगुजा

निवेश पर अधिक लाभ का झांसा देकर पौने 6 लाख की ठगी, एक गिरफ्तार, अन्य की तलाश
28-Apr-2026 9:10 PM
निवेश पर अधिक लाभ का झांसा देकर पौने 6 लाख की ठगी, एक गिरफ्तार, अन्य की तलाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 28 अप्रैल। सरगुजा जिले के थाना गांधीनगर पुलिस ने निवेश पर अधिक लाभ का झांसा देकर 5 लाख 72 हजार की ठगी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता अविनाश कुमार ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह बनारस रोड स्थित एक ज्वेलर्स शोरूम की स्वर्ण स्कीम से प्रभावित होकर 2 जुलाई 2025 को वहां खाता खुलवाया और प्रति माह 5 हजार रुपये जमा करने लगा। इस दौरान शोरूम का कर्मचारी राजेश कुमार तिवारी व अन्य उससे मोबाइल के माध्यम से लगातार संपर्क में रहे और विभिन्न निवेश योजनाओं की जानकारी देते रहे।

बताया गया कि 21 अक्टूबर 2025 को आरोपी ने प्रार्थी से 30 हजार रुपये क्यूआर कोड के माध्यम से जमा करवाए और 10 दिनों के भीतर 40 हजार रुपये वापस कर विश्वास जीत लिया। इसके बाद 11 नवंबर 2025 से 22 दिसंबर 2025 के बीच आरोपियों ने अलग-अलग खातों के क्यूआर कोड भेजकर प्रार्थी से कुल 7 लाख 59 हजार रुपये जमा कराए, जिनमें से केवल 1 लाख 87 हजार रुपये ही वापस किए गए। शेष राशि का हिसाब नहीं देने पर प्रार्थी को ठगी का एहसास हुआ और उसने रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान बैंक लेनदेन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर एक आरोपी की पहचान राजेश कुमार तिवारी के रूप में हुई। उसे रायपुर से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने कथित तौर पर अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने कहा कि इस प्रकरण में अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है और आगे की जांच की जा रही है।

 


अन्य पोस्ट