सरगुजा

रास्ते में मिले 13 हजार युवक ने थाने में जमा किए, पुलिस ने सराहा
28-Apr-2026 9:07 PM
रास्ते में मिले 13 हजार युवक ने थाने में जमा किए, पुलिस ने सराहा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 28 अप्रैल। ईमानदारी का परिचय देते हुए एक युवक ने रास्ते में गिरे 13 हजार रुपये थाना पहुंचकर जमा कराए, जिसकी थाना पुलिस ने सराहना की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 अप्रैल को मुक्तीपारा निवासी मनोज कुमार सिंह (22 वर्ष), पिता केशव प्रसाद सिंह, थाना गांधीनगर पहुंचकर सूचना दी कि वह गांधीनगर सब्जी मार्केट के पास बस से उतरकर अपने किराए के मकान मुक्तीपारा की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात स्कूटी चालक, जो पीले रंग की शर्ट पहने हुए था, सब्जी मंडी से हनुमान मंदिर की ओर जा रहा था। संभवत: उसी की जेब से कुछ रुपये सडक़ पर गिरकर बिखर गए थे। आसपास कोई व्यक्ति नहीं होने पर मनोज कुमार सिंह ने रुपये उठाकर गिने, जिसमें कुल 13,000 रुपये पाए गए। इसके बाद उसने ईमानदारी का परिचय देते हुए तत्काल थाना गांधीनगर पहुंचकर पूरी राशि पुलिस के सुपुर्द कर दी।

पुलिस ने उक्त नगद राशि 13,000 रुपये को सुरक्षार्थ थाना गांधीनगर में सुरक्षित रख लिया है। पुलिस ने बताया कि जिस व्यक्ति का यह पैसा है, वह आवश्यक पहचान के साथ थाना गांधीनगर पहुंचकर अपनी राशि प्राप्त कर सकता है। थाना प्रभारी गांधीनगर ने युवक की ईमानदारी की सराहना करते हुए उसे प्रोत्साहित किया और कहा कि ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।


अन्य पोस्ट