सरगुजा

सरगुजा के दो बास्केटबॉल खिलाडिय़ों का राज्य टीम में चयन
28-Apr-2026 9:09 PM
सरगुजा के दो बास्केटबॉल खिलाडिय़ों का राज्य टीम में चयन

ऑल इंडिया प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिनिधित्व

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 28 अप्रैल। सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के दो खिलाडिय़ों का चयन छत्तीसगढ़ राज्य बास्केटबॉल टीम में हुआ है। चयनित खिलाड़ी आगामी ऑल इंडिया ओपन बास्केटबॉल टूर्नामेंट 2026 में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चयनित खिलाडिय़ों में ईलिस्बा तिर्की और अनामिका चौबे शामिल हैं। दोनों खिलाड़ी बनारस में आयोजित होने वाले ऑल इंडिया ओपन बास्केटबॉल टूर्नामेंट 2026 में छत्तीसगढ़ राज्य टीम की ओर से भाग लेंगी। देशभर के उत्कृष्ट खिलाडिय़ों को एक मंच प्रदान करने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में सरगुजा के खिलाडिय़ों का चयन जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने खिलाडिय़ों के चयन पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि सरगुजा के खिलाडिय़ों का ऑल इंडिया स्तर पर चयन होना गर्व की बात है। उन्होंने इसे खिलाडिय़ों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में सरगुजा के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सरगुजा क्षेत्र के खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं, जो क्षेत्र में खेलों के बढ़ते स्तर को दर्शाता है। इस अवसर पर सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के पदाधिकारियों एवं खिलाडिय़ों ने दोनों चयनित खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


अन्य पोस्ट