सरगुजा

गांजा तस्कर की तलाश में पहुंची पुलिस की बोलेरो लेकर भागा युवक
28-Apr-2026 9:11 PM
गांजा तस्कर की तलाश में पहुंची पुलिस की बोलेरो लेकर भागा युवक

मोबाइल ट्रेस कर गाड़ी बरामद, आरोपी हिरासत में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 28 अप्रैल। अंबिकापुर शहर में गांजा तस्कर की तलाश में छापेमारी के दौरान एक युवक पुलिस की बोलेरो लेकर फरार हो गया। हालांकि प्रशिक्षु डीएसपी का मोबाइल वाहन में छूट जाने से पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर कुछ ही दूरी पर वाहन बरामद कर लिया और आरोपी को हिरासत में ले लिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे के नेतृत्व में पुलिस टीम सोमवार शाम सत्तीपारा क्षेत्र में गांजा बिक्री की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची थी। टीम गोपाल नामदेव नामक संदिग्ध की तलाश कर रही थी। इसी दौरान कार्रवाई के बीच गोपाल नामदेव का जीजा मुकेश नामदेव मकान की छत से सडक़ पर कूद गया।

बताया जा रहा है कि सडक़ किनारे पुलिस की बोलेरो खड़ी थी, जिसमें चाबी लगी हुई थी और उस समय वाहन के पास कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। मौके का फायदा उठाते हुए मुकेश नामदेव वाहन में बैठा और बोलेरो स्टार्ट कर फरार हो गया।

घटना के दौरान बोलेरो में प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे का मोबाइल छूट गया था। पुलिस ने तत्काल मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की, जो राम मंदिर रोड के पास मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां बोलेरो सडक़ किनारे खड़ी मिली। इसके बाद पुलिस ने आसपास तलाश अभियान चलाया और करीब एक किलोमीटर की दूरी पर आरोपी मुकेश नामदेव को हिरासत में ले लिया। उसके पास से बोलेरो की चाबी भी बरामद की गई।

सरगुजा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध कोतवाली थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट