सरगुजा
इंटरनेशनल चैंपियनशिप आज से
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 29 अप्रैल। सरगुजा जिले के लिए गर्व का क्षण है कि यहां के खिलाड़ी आकाश दुबे का चयन भारतीय वुडबॉल टीम में हुआ है। वे आगामी हांगकांग इंटरनेशनल वुडबॉल चैंपियनशिप 2026 में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यह प्रतियोगिता 30 अप्रैल से 4 मई तक हांगकांग में आयोजित होगी, जहां आकाश दुबे भारतीय टीम के सदस्य के रूप में पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सरगुजा जैसे क्षेत्र से खिलाड़ी का राष्टीय टीम में चयन होना बेहद गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि आकाश ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
आकाश दुबे इससे पहले कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और पदक भी जीत चुके हैं। इसके अलावा वे ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप में निर्णायक की भूमिका भी निभा चुके हैं।
उन्होंने भोपाल में आयोजित ओपन इंटरनेशनल चयन ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर टीम इंडिया में जगह बनाई। साथ ही इंडिया कैंप में उनके समर्पण और अनुशासन ने चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आकाश के चयन पर छत्तीसगढ़ वुडबॉल संघ और सरगुजा वुडबॉल संघ के पदाधिकारियों सहित खेल प्रेमियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।


