महिलाओं की भागीदारी ने बनाया नया रिकॉर्ड
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
एमसीबी, 11 फरवरी। मंगलवार को मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के विभिन्न नगरीय निकायों में चुनावी प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई। लोकतंत्र के इस महापर्व में जनता ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिले में मतदान प्रतिशत 62.46 प्रतिशत रहा।
जिले के छह प्रमुख नगरीय निकायों नगरपालिका निगम चिरमिरी, नगर पालिका परिषद् मनेन्द्रगढ़, नगर पंचायत झगराखाण्ड, नगर पंचायत खोंगापानी, नगर पंचायत नई लेदरी और नगर पंचायत जनकपुर में मतदान का प्रतिशत काफी उत्साहजनक रहा। पूरे जिले में कुल मतदाता संख्या 66,234 है, जिसमें 32,532 पुरुष और 33,702 महिला मतदाता शामिल हैं।
खास बात यह रही कि महिलाओं ने पुरुषों की तुलना में अधिक मतदान किया, जिससे यह साबित होता है कि वे अब लोकतांत्रिक प्रक्रिया में पहले से अधिक सक्रिय हो गई हैं। नगरपालिका निगम चिरमिरी जिले का सबसे बड़ा नगरीय निकाय है। यहां कुल 40 वार्ड हैं और मतदान प्रतिशत 60.49 प्रतिशत दर्ज किया गया, जिसमें पुरुषों की तुलना में महिलाओं ने अधिक मतदान किया। यह उत्साहजनक संकेत है कि महिलाएं अब अपने मताधिकार को लेकर अधिक जागरूक हो रही हैं।
मनेन्द्रगढ़ नगर में कुल 22 वार्ड हैं, मतदान प्रतिशत 59.97 प्रतिशत रहा, जिसमें महिलाओं ने पुरुषों से अधिक मतदान किया। झगराखांड में मतदान प्रतिशत 77.54 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो जिले में सबसे अधिक है। यहां महिलाओं ने 78.32 प्रतिशत और पुरुषों ने 76.71 प्रतिशत मतदान किया।
यह दर्शाता है कि झगराखांड के लोग लोकतांत्रिक प्रक्रिया को लेकर अत्यधिक जागरूक हैं। वहीं, खोंगापानी नगर पंचायत में मतदान प्रतिशत 62.65 प्रतिशत रहा। यहां भी महिलाओं ने पुरुषों की तुलना में अधिक मतदान किया। नई लेदरी में मतदान प्रतिशत 73.7 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो जिले के औसत मतदान प्रतिशत से अधिक है। महिलाओं की भागीदारी यहां भी पुरुषों की तुलना में अधिक रही।
जनकपुर में मतदान प्रतिशत 73.81 प्रतिशत रहा। यहां पर पुरुषों का मतदान प्रतिशत महिलाओं से थोड़ा अधिक रहा, जो जिले के अन्य निकायों से अलग स्थिति दिखाता है। पूरे जिले की बात करें, तो कुल मतदान प्रतिशत 62.46 प्रतिशत दर्ज किया गया, जिसमें पुरुषों का मतदान प्रतिशत 60.94 प्रतिशत और महिलाओं का मतदान प्रतिशत 64.01 प्रतिशत रहा। यह जानकारी 4:00 बजे तक के मतदान के अनुसार है।