मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 8 अप्रैल। एमसीबी (मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) जिले से एक रोमांचक और सराहनीय घटना सामने आई है, जहां वन विभाग की तत्परता से एक तेंदुए की जान बचाई गई।
जानकारी के अनुसार, वनमंडल मनेंद्रगढ़ के उपवनमंडल जनकपुर अंतर्गत बीट बरछा में 7 अप्रैल की रात करीब 8 बजे एक तेंदुआ भोजन की तलाश में गांव में घुस आया। तेंदुए को देखकर ग्रामीणों में हडक़ंप मच गया। ग्रामीणों ने उसे जंगल की ओर भगाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान वह खेत में बने एक कुएं में गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग सक्रिय हुआ। वनमंडलाधिकारी के निर्देशन और उपवन मंडल अधिकारी के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी अतुल तिवारी के नेतृत्व में तत्काल रेस्क्यू टीम गठित की गई। टीम रात में ही मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब रात 2.30 बजे कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया गया। बाहर निकलते ही तेंदुआ बिना किसी को नुकसान पहुंचाए सीधे जंगल की ओर लौट गया।


