दन्तेवाड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 10 फरवरी। नगरीय निकाय निर्वाचन अंतर्गत मतदान हेतु दंतेवाड़ा के डाइट परिसर से मतदान दलों की रवानगी सोमवार को हुई। उल्लेखनीय है कि सभी मतदान दलों में महिला कर्मचारियों की संख्या पुरूषों के मुकाबले अधिक है।
इस क्रम में नगर पालिका परिषद क्षेत्र दंतेवाड़ा में 15 वार्ड है। जिसके लिए कुल 17 मतदान केन्द्र बनाए गए है। यहां कुल 68 मतदान कर्मियों द्वारा निर्वाचन दायित्व निभाया जाएगा।
इसी प्रकार बचेली नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत 18 वार्ड में 19 मतदान केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। निर्वाचन कार्य की सफलता हेतु 76 मतदान कर्मियों की नियुक्ति की गई है।
किरंदुल नगर पालिका के 18 वार्डो में 18 मतदान बनाए गए हैं। उक्त मतदान केंद्रों में 78 मतदान कर्मियों की नियुक्ति की गई है। गीदम नगर पंचायत अंतर्गत 15 वार्डों में 15 मतदान केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। उक्त मतदान केंद्र हेतु 60 कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है।
बारसूर नगर पंचायत क्षेत्र के 15 वार्डो में 15 मतदान केंद्र बनाए गए है। उक्त मतदान केंद्रों में 60 मतदान कर्मियों द्वारा निर्वाचन कार्यो का संपादन किया जाएगा। इस प्रकार पूरे जिले के नगरीय निकाय में कुल 336 मतदान कर्मी निर्वाचन कार्य में अपना योगदान देगें।
उपरोक्त सभी नगरीय निकाय निर्वाचन में रिटर्निंग ऑफिसर के उपस्थिति में मतदान दलों को सामग्री वितरण कर रवाना किया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर राजेश पात्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरके बर्मन और उप जिला निर्वाचन अधिकारी मूलचंद चोपड़ा प्रमुख रूप से मौजूद थे।