‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 8 फरवरी। कोण्डागांव में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी ने नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी नरपति पटेल और वार्ड पार्षदों के लिए जनसमर्थन जुटाने के उद्देश्य से प्रचार अभियान चलाया। उन्होंने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर भरोसा जताते हुए नगर पालिका में भी भाजपा की जीत सुनिश्चित करने की अपील की।
नगर पालिका चुनाव के मद्देनजर विवेकानंद वार्ड में भाजपा का जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लता उसेंडी के नेतृत्व में चुनावी प्रचार रैली निकाली गई। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार है, और यदि कोण्डागांव नगर पालिका में भी भाजपा की सरकार बनती है तो विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी। इस दौरान उन्होंने भाजपा के स्थानीय सात संकल्प और 22 वचन पत्र को जनता के समक्ष प्रस्तुत किया और पार्टी की योजनाओं व विजन को विस्तार से समझाया।
दिल्ली नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए लता उसेंडी ने कहा कि दिल्ली की जनता अब अरविंद केजरीवाल की सच्चाई समझ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने लगातार दो बार जनता को गुमराह कर सत्ता हासिल की, लेकिन अब उनकी राजनीति का अंत हो गया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह दिल्ली में भाजपा को जीत मिली है, उसी तरह छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनाव में भी पार्टी की जीत सुनिश्चित होगी। भाजपा के इस प्रचार अभियान में नगर के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और समर्थक भी शामिल रहे।