कोण्डागांव

अप्रैल में 39 गुम व्यक्तियों को पुलिस ने परिवारों से मिलाया
02-May-2026 10:27 PM
अप्रैल में 39 गुम व्यक्तियों को पुलिस ने परिवारों से मिलाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 2 मई। कोंडागांव जिले में अप्रैल 2026 के दौरान चलाए गए दो अभियानों—‘ऑपरेशन मुस्कान’ और ‘ऑपरेशन तलाश’—के तहत पुलिस ने 39 गुमशुदा व्यक्तियों को खोजकर उनके परिवारों तक पहुंचाया। इनमें 12 बच्चे और 27 वयस्क शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलाए गए इन अभियानों में गुमशुदा बच्चों को मुंबई, तमिलनाडु सहित अन्य राज्यों से बरामद किया गया। इनकी पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया, सीसीटीवी फुटेज और अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय का सहारा लिया।

इसी तरह ‘ऑपरेशन तलाश’ के तहत 27 गुमशुदा पुरुषों और महिलाओं को विभिन्न राज्यों से ट्रेस किया गया। पुलिस के अनुसार, ये लोग रोजगार, स्वास्थ्य या पारिवारिक कारणों से घर से दूर चले गए थे।

इन अभियानों का संचालन पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के निर्देशन में किया गया।

पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल ने कहा, ‘गुमशुदगी किसी परिवार के लिए सबसे बड़ा दर्द है। कोंडागांव पुलिस का संकल्प है कि जिले का कोई भी व्यक्ति लापता नहीं रहेगा। अप्रैल माह में 39 परिवारों की खुशी लौटाना हमारी टीम का गौरव है।’

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा ने कहा, हर सफल रिकवरी एक परिवार की मुस्कान है। हमारा प्रयास जारी रहेगा।

पुलिस ने बताया कि इन अभियानों के तहत अन्य राज्यों की पुलिस इकाइयों के साथ समन्वय किया गया और सभी व्यक्तियों को सुरक्षित उनके परिवारों को सौंपा गया।


अन्य पोस्ट