कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 29 अप्रैल। जिला मुख्यालय कोण्डागांव के विकास नगर स्टेडियम के समीप मंगलवार दोपहर बाद प्लाईवुड के ढेर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थानीय निवासी परमजीत संघे ने सबसे पहले सामुदायिक भवन के बोरवेल से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया और काफी हद तक आग पर काबू पाया। इसके बाद अन्य लोगों ने भी सहयोग करते हुए राहत कार्य में हिस्सा लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, नगर पालिका और सिटी कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया।
बताया जा रहा है कि यह प्लाईवुड मेला में जलपरी शो संचालित करने पहुंचे व्यापारी का था, जिसे मेला समाप्त होने के बाद वहीं छोड़ दिया गया था। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। सिटी कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों की तत्परता और प्रशासन की सक्रियता से बड़ा नुकसान टल गया।


