कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 2 मई। शासकीय प्राथमिक शाला मुरारीपारा, बड़े बेन्दरी में शिक्षा सत्र 2025-26 का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। कार्यक्रम में जनपद सदस्य फागेश्वरी कश्यप मुख्य अतिथि और सरपंच प्रेमवती कोर्राम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मानकु राम कश्यप ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद प्रधानाध्यापक पवन कुमार साहू ने परीक्षा परिणाम घोषित किया।
परीक्षा परिणाम के अनुसार, कक्षा पहली में दुष्यंत चौहान प्रथम, गीता नेताम द्वितीय और हर्ष गवार तृतीय रहे। कक्षा दूसरी में देविका मरकाम प्रथम, सरस्वती पोयाम एवं शौर्य नेताम द्वितीय तथा शौम्या यादव तृतीय स्थान पर रहीं। कक्षा तीसरी में वारिधी नाग प्रथम, एलिजा नेताम द्वितीय और अर्पिता बघेल तृतीय रहीं। कक्षा चौथी में सदैव गवर्ना प्रथम, अंकिता पोयाम द्वितीय और युवराज यादव तृतीय स्थान पर रहे।
इस अवसर पर विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। लखेश्वरी बघेल को ‘बेस्ट पालक’, ओबिना बघेल को ‘बेस्ट स्टूडेंट’, संजीत को ‘बेस्ट खिलाड़ी’ तथा संतोषी पटेल और इसीता भंडारी को ‘बेस्ट टीचर’ के रूप में सम्मानित किया गया।
सरपंच प्रेमवती कोर्राम ने कहा कि यह पहला विद्यालय है जहां छात्र-छात्राओं के साथ पालकों और शिक्षकों को भी सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील की।
मुख्य अतिथि फागेश्वरी कश्यप ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि अच्छे अंक प्राप्त करने वाले छात्र आगे भी मेहनत जारी रखें और कम अंक पाने वाले छात्र निराश न हों, बल्कि और प्रयास करें।
कार्यक्रम अध्यक्ष मानकु राम कश्यप ने सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रधानाध्यापक पवन कुमार साहू ने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों और शिक्षकों की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए उन्हें भी सम्मानित किया जाता है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया गया।


