कोण्डागांव

ओवरटेक कर रहे ट्रक ने बाइक को रौंदा, एक मौत, दूसरा गंभीर
29-Apr-2026 10:45 PM
ओवरटेक कर रहे ट्रक ने बाइक को रौंदा, एक मौत, दूसरा गंभीर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 कोण्डागांव, 29 अप्रैल। सिटी कोतवाली कोण्डागांव अंतर्गत बाईपास के पास बीती रात बेकाबू ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 17 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका मित्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को जिला अस्पताल से हायर सेंटर जगदलपुर और वहां से रायपुर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि घायल युवक की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, बीती रात जगदलपुर की ओर से रायपुर की ओर जा रहे ट्रक क्रमांक सीजी 04 एलएफ 8813 ने नेशनल हाईवे 30 पर दिनेश पेट्रोल पंप के पास ओवरटेक करते समय सामने से आ रही बाइक क्रमांक सीजी 27 एन 6834 को टक्कर मार दी।

आमने-सामने की इस भीषण भिड़ंत में रुबेन सैमुअल उर्फ हनी (17) पिता बलवंत सैमुअल निवासी रोजगारीपारा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पीछे बैठा राहुल नेताम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जगदलपुर और फिर रायपुर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

 इधर, सिटी कोतवाली कोण्डागांव पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद नगर में शोक का माहौल है।


अन्य पोस्ट