राजनांदगांव

प्रचार के लिए दो दिन का वक्त, कांग्रेस-भाजपा ने झोंकी ताकत
07-Feb-2025 2:59 PM
प्रचार के लिए दो दिन का वक्त, कांग्रेस-भाजपा ने झोंकी ताकत

नांदगांव ननि समेत निकायों में चल रहा राजनीतिक द्वंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 फरवरी।
शहरी सरकार की सत्ता हथियाने के लिए भाजपा-कांग्रेस समेत अन्य राजनीतिक दलों व निर्दलीय प्रत्याशियों ने ताकत झोंक दी है। प्रचार के लिए महज दो दिन का वक्त शेष रह गया है। ऐसे में राजनांदगांव नगर निगम से लेकर जिले के नगर पालिका डोंगरगढ़, नगर पंचायत छुरिया, एलबी नगर और डोंगरगांव में राजनीतिक जंग काफी तेज हो गई है। आरोप-प्रत्यारोप के जरिये प्रत्याशी अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। वार्डों में लगातार जनसंपर्क कर प्रत्याशी अपनी जीत की संभावना को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।

राजनंादगांव नगर निगम के 51 वार्डों में बैनर-पोस्टर के जरिये द्वंद छिड़ा हुआ है। भाजपा-कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी मधुसूदन यादव और निखिल द्विवेदी के बीच ही मुख्य मुकाबला है। दोनों के बैनर-पोस्टर से शहर पटा हुआ है।

राजनीतिक रूप से यह लड़ाई काफी दिलचस्प हो चली है। भाजपा के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जहां सभाएं की है। वहीं कांग्रेस के पक्ष में पूर्व सीएम भूपेश बघेल का एक पहले चरण का दौरा पूरा हो गया है। पूर्व सीएम आज देर शाम को राजनांदगांव शहर में सभाएं करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा के महापौर प्रत्याशी और वार्ड पार्षदों के लिए तीन बड़ी सभाएं की। मुख्यमंत्री के आने से सियासी लड़ाई दिलचस्प हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज  भी सभाओं के जरिये प्रत्याशियों का समर्थन में उतर चुके हैं। 

इसी तरह डोंगरगढ़ नगर पालिका की  कुर्सी की लड़ाई में कांग्रेस प्रत्याशी नलिनी मेश्राम और  भाजपा के रमन डोंगरे के बीच मुकाबला है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस स्थानीय गुटबाजी से जूझ रही है। जबकि भाजपा ने एकजुट होकर अपने पक्ष में माहौल बनाया है।  डोंगरगांव नगर पंचायत में कांग्रेस की पुष्पदेवी यदु और भाजपा की अंजु त्रिपाठी के बीच सीधा मुकाबला है। बताया जा रहा है कि डोंगरगांव में  जीत-हार किसी के भी पक्ष में हो, अध्यक्ष की कुर्सी पर महिला को ही नेतृत्व करने का मौका मिलेगा। 

कांग्रेस यहां भी अंदरूनी खींचतान से जूझ रही है। भाजपा के दिग्गज नेताओं ने भी टिकट वितरण में मनमानी का आरोप लगाकर चुप्पी साध ली है।  छुरिया नगर पंचायत के अध्यक्ष के उम्मीदवार कांग्रेस रितेश जैन भी लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने उनके पक्ष में सभाएं कर वार्डों में घूमकर जनसमर्थन मांगा है। 

भाजपा के अजय पटेल भी स्थानीय नेताओं के माध्यम से लगातार प्रचार कर रहे हैं।  एलबी नगर पंचायत में भाजपा के देवेन्द्र साहू और कांग्रेस के राजकुमार साहू के बीच मुकाबला है। जातिगत समीकरण के तहत दोनों पार्टी ने उम्मीदवार उतारे हैं। 

नगर पंचायत के गठन के पश्चात एलबी नगर में निकाय चुनाव हो रहे हैं। यहां की लड़ाई भी दिलचस्प हो गई है।  बहरहाल राजनांदगांव नगर निगम समेत जिले के निकायों में आपसी लड़ाई तेज हो रही है। सत्तारूढ़ भाजपा के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल है। जबकि कांग्रेस के लिए स्थिति करो या मरो जैसी बन गई है।
 


अन्य पोस्ट