राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 फरवरी। नगर निगम सीमाक्षेत्र के वार्डों में साफ-सफाई एवं निर्माण कार्य निरीक्षण की कड़ी में महापौर मधुसूदन यादव ग्रामीण वार्ड हल्दी व सिंगदई में वार्ड पार्षद मुकेश साहू व चंद्रकृत साहू के साथ निर्माण व सफाई व्यवस्था का जायजा लेकर सफाई व्यवस्था और दुरूस्त करने तथा निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
महापौर श्री यादव सिंगदई एवं हल्दी में सफाई व्यवस्था देख निर्धारित समय तक कर्मचारी कार्य नहीं करने की शिकायत पर हाजिरी रजिस्टर की जॉच कर प्र.स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा तथा स्वच्छता निरीक्षक दीपक श्रीवास्तव से कहा कि सभी कर्मचारी सुबह समय में उपस्थित होकर निर्धारित समय तक सफाई कार्यों का निर्वाहन करेंगे। बिना अनुमति अनुपस्थित या समय से पहले कार्य से जाने वाले कर्मचारी के विरूद्ध कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण वार्ड को ध्यान में रखकर साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए, वार्डवासियों को स्वच्छता अपनाने तथा कचरा स्वच्छता दीदीयो को देने समझाईस दें।
हल्दी में साफ - सफाई के अलावा महापौर ने निर्माण कार्य एवं मोहारा शिवनाथ नदी का निरीक्षण कर जल स्तर देखा। उन्होंने वार्ड में पेयजल के लिए वार्डवासियों से चर्चा कर कहा कि हल्दी में पाईप लाईन विस्तार के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है, स्वीकृति पश्चात पाईप लाईन विस्तार किया जाएगा। जिससे हल्दी के सभी क्षेत्रों में पर्याप्त पानी सप्लाई होगी।
निर्माण कार्य निरीक्षण की कड़ी में हल्दी स्कूल के पास निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाकर जल्द पूर्ण कराने तथा हायर सेकंडरी स्कूल में प्रयोगशाला भवन के शेष कार्य पूर्ण करने व रंग रोगन कराने संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया। इसी प्रकार पीएमश्री प्राथमिक शाला का जायजा लेकर शासन से मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में चर्चा की और नए अतिरिक्त कक्ष एवं बालिका शौचालय का निरीक्षण कर कहा कि इसका जल्द लोकार्पण कराया जाएगा। हल्दी उद्यान में सुविधा विस्तार की मांग पर महापौर श्री यादव ने कहा कि शासन को उद्यानों के जीर्णोद्धार के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। जिसकी स्वीकृति अतिशीघ्र मिलेगी।


