राजनांदगांव
राजनांदगांव, 12 फरवरी। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा सभी वितरण केन्द्रों में आमजनों को स्मार्ट मीटर की विविध सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए स्मार्ट मीटर पखवाड़ा के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सभी विद्युत उपभोक्ताओं को आधुनिक बिजली सेवाओं के लिए प्रेरित करते स्मार्ट मीटर के माध्यम से पारदर्शिता और दक्षता को प्रोत्साहित कर उन्हें अपने मोबाइल के माध्यम से स्मार्ट मीटर में दर्ज खपत को देखने और उनके अनुसार ऊर्जा की बचत करने के तरीके की जानकारी दी जा रही है। ग्राम अर्जुनी के विद्युत कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में फील्ड अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली, सटीक बिलिंग, रियल टाइम खपत निगरानी एवं ऊर्जा संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उपभोक्ताओं की जिज्ञासाओं का समाधान कर उन्हें बिजली के कुशल उपयोग हेतु प्रेरित किया गया।


