राजनांदगांव
समर्पण दिवस के रूप में मनाई पुण्यतिथि
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 फरवरी। भाजपा जिला कार्यालय राजनांदगांव में भाजपा के मार्गदर्शक स्व. पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को समर्पण दिवस के रूप में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता भाजपा के वरिष्ठ नेता खूबचंद पारख ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि वे एक ऐसे चिंतक, दार्शनिक और राष्ट्र ऋषि थे, जिन्होंने भारतीय राजनीति को भारतीय संस्कृति और विचारधारा से जोडऩे का कार्य किया। उन्होंने बताया कि एकात्म मानववाद का सिद्धांत मानव, समाज और प्रकृति के संतुलन पर आधारित है, जो आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक हो गया है।
श्री पारख ने कहा कि पंडित का जीवन सादगी, त्याग, सेवा और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने अपने जीवन में कभी भी पद और प्रतिष्ठा को महत्व नहीं दिया, बल्कि सदैव संगठन और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। उन्होंने कहा कि आज के कार्यकर्ताओं के लिए पंडित दीनदयाल का जीवन प्रेरणा का स्रोत है, क्योंकि उन्होंने दिखाया कि विचारधारा पर आधारित राजनीति ही राष्ट्र को सशक्त बना सकती है।
भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन हम सभी के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पंडित के विचारों को अपने आचरण में उतारकर ही संगठन को मजबूत बना सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे समर्पण दिवस के अवसर पर संगठन के प्रति और अधिक सक्रियता एवं निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लें।
श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत युवा मोर्चा भाजपा के भाई कमलेश प्रजापति द्वारा वंदे मातरम् गीत के साथ की गई। कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी रवि सिन्हा व जिला महामंत्री डीकेश साहू ने आभार व्यक्त किया।


