राजनांदगांव
5 प्रतिशत मासिक ब्याज का लालच देकर फांसा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 फरवरी। मुम्बई स्थित एक ग्लोबल कंपनी के एक एजेंट ने शहर के एक दंपति के साथ लाखों रुपए की ठगी की है। 5 प्रतिशत मासिक ब्याज के दर पर रकम वापस करने का झांसा देकर कंपनी के एजेंट ने दंपति को फांसा। प्रार्थी की शिकायत पर एजेंट और मुम्बई की ग्लोबल कंपनी के डायरेक्टरों के खिलाफ धोखाधड़ी के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक शहर के शंकरपुर के रहने वाले हेमंत कुमार देवांगन (48 वर्ष) और उनकी पत्नी को दुर्ग के हरि नगर निवासी अमित लिल्हारे ने ग्लोबल कंपनी का एजेंट बताते हुए दोनों से 50 लाख रुपए निवेश कराए। हर माह निवेश के तहत 5 प्रतिशत ब्याज दिलाने का भी भरोसा दिया। दोनों ने एजेंट पर भरोसा करते हुए 50 लाख रुपए उसके हवाले कर दिया। इसके बाद दोनों को ब्याज तो दूर मूल रकम मिलना भी नसीब नहीं हुआ। काफी चक्कर लगाने के बाद दोनों ने एसपी से लिखित शिकायत की। इसके बाद आरोपी एजेंट अमित लिल्हारे और कंपनी के संचालकों के विरूद्ध मामला दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि एजेंट ने शुरूआत में 5 फीसदी ब्याज लेना तय किया। जिसके झांसे में आकर पति-पत्नी फंस गए और 50 लाख रुपए जमा कर दिए। प्रार्थियों ने 20 जून 2020 को एक लाख रुपए चेक से जमा किया। शुरूआत में ब्याज तय समय पर खाते में जमा होने लगा। उसके बाद आरोपी ने निवेश कराने के लिए और रकम मांगी। भरोसा करते हुए पत्नी वेदबाई देवांगन ने 25 लाख रुपए चेक से जमा किए। इस तरह 50 लाख रुपए एक्सिस बैंक एवं बंधन बैंक में जमा कराया गया।
बताया जा रहा है कि इस मामले में और भी पीडि़त है। जिसमें प्रमुख रूप से निर्मला देवी डुंडेरा राजनांदगांव, महेश कुमार साहू डुंडेरा व बहुर सिंह साहू चिखली ने भी पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अपनी पीड़ा बताई थी। पीडि़तों ने बताया कि बार-बार रकम लौटाने की मांग करने पर आरोपी टालमटोल करता रहा। शिकायतकर्ताओं ने कंपनी के मुम्बई कार्यालय में ऑनलाइन संपर्क किया, जहां से कथित तौर पर बताया गया कि राशि उनके पास नहीं है और एजेंट से संपर्क करने को कहा गया। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपी द्वारा अन्य लोगों से भी इसी तरह निवेश के नाम पर रकम ली गई है और उन्हें भी पैसा वापस नहीं किया गया है।


