पालिका अध्यक्ष पद के लिए आप ने भी उतारा प्रत्याशी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 1 फरवरी। नगरपालिका कांकेर में अध्यक्ष पद के लिए इस बार भी पुराने प्रतिद्वंदियों के मध्य टक्कर होगी। ठाकुर और कौशिक दंपति तीसरे बार चुनाव मैदान में आमने-सामने होंगे। ठाकुर दंपति के पास लगातार चुनाव जीतने का उत्साह है। तो वहीं कौशिक दंपति ने पिछली हार से सबक लेकर खामियों को सुधार कर जीत का दावा किया है। इस बार वे ऐसा कोई कसर नहीं छोडऩा चाहते, जिसका लाभ कांग्रेस को मिल सके। प्रदेश में भाजपा की सरकार होने का भी लाभ मिलने की उन्हें उम्मीद है।
विदित हो कि वर्ष 2014-15 में कांग्रेस से जितेंद्र ठाकुर और भाजपा के अरूण कौशिक के मध्य सीधी टक्कर रही जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्र ठाकुर की आसान जीत हुई थी। 2019-20 में महिला सीट होने के कारण अपनी पत्नियों को इन्होंने प्रत्याशी बनाया। तब पार्षदों के द्वारा अध्यक्ष चुनने की व्यवस्था रही है। इसमें भी कांग्रेस प्रत्याशी सरोज जितेंद्र ठाकुर ने भाजपा की विजय लक्ष्मी अरूण कौशिक को शिकस्त दी थी।
अब 2025 के चुनाव में भी कांग्रेस से जितेंद्र ठाकुर को उम्मीदवार बनाया गया । कांग्रेस ने लगातार जीत दर्ज करने के कारण श्री ठाकुर पर पुन: विश्वास जताया है।
वहीं भाजपा सूत्रों की माने तो लगातार हारने के बाद भी चुनावी अनुभव का लाभ मिलने के उद्देश्य से अरूण कौशिक को पुन: भाजपा से प्रत्याशी बनाया गया है। साथ ही अन्य दावेदारों से इन्हें बेहतर प्रत्याशी माना जा रहा है।
श्री कौशिक विधायक आषाराम नेताम के पंसदीदा प्रत्याशी भी बताए जा रहे हैं। श्री नेताम उन्हें जिताने का भी बीड़ा उठाए हैं। इस बार आमआदमी पार्टी ने भी नगरपालिका परिशद में अध्यक्ष पद के लिए मोहन सेनापति को अपना प्रत्याशी बनाया है। श्री सेनापति सेवानिवृत व्याख्याता , समाजसेवी, योगाचार्य और आयुर्वेदाचार्य हैं। उन्हें समाज सेवा के क्षेत्र में कई पुरश्कार भी मिला है। इसका कितना लाभ मिलता यह परिणाम बताएगा।
कांकेर पालिका में इस बार अध्यक्ष पद के लिए चार प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। राष्ट्रीय दलों में कांग्रेस से जितेंद्र ठाकुर, भारतीय जनता पार्टी से अरूण कौशिक, आमआदमी पार्टी से मोहन सेनापति और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पूर्व पार्षद संजयपूरी गोस्वामी प्रत्याशी हैं। श्री गोस्वामी भी जमीनी कार्यकर्ता के रूप में अपना पहचान रखते हैं।