कांकेर

सट्टा खिलाने के आरोप में एक गिरफ्तार
16-Feb-2026 10:15 PM
सट्टा खिलाने के आरोप में एक गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

चारामा, 16 फरवरी। कांकेर जिले की चारामा पुलिस ने सट्टा खिलाने के आरोप में कल एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान मिली सूचना के आधार पर की गई।

पुलिस के अनुसार, ग्राम चारभाटा स्थित एक कृषि फार्म में सट्टा संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना की तस्दीक के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस दल ने एक व्यक्ति को सट्टा पर्ची लिखते हुए पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम मुकेश उर्फ टक्कु साहू निवासी बंगलापारा चारामा, बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक पेन, सट्टा पर्चियां, एक आईफोन और 5,350 रुपये नगद जब्त किए गए। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी जुआ और अन्य मामलों में प्रकरण दर्ज रहे हैं।

कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना पुलिस को दें। इसके लिए जिला उत्तर बस्तर कांकेर में हेल्पलाइन नंबर 9479155125 जारी किया गया है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


अन्य पोस्ट