‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 जनवरी। जिले में अब तक 1093 करोड़ 89 लाख 30 हजार रुपए की धान खरीदी हो गई है। इसके भुगतान के लिए विपणन संघ से जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग को 1046 करोड़ 53 लाख रुपए प्राप्त हुए हैं। इनमें 1021 करोड़ 22 लाख 19 हजार रुपए का किसानो के खाते में ऑनलाइन भुगतान किया जा चुका है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अंतर्गत खरीफ वर्ष 2024-25 किसानों द्वारा लिए गए कुल ऋण राशि 347 करोड़ 48 लाख 20 हजार की प्रविष्ठि पोर्टल में की गई है। धान विक्रय करने वाले किसानो से इनमें से 290 करोड़ 83 लाख 59 हजार रुपए की लिकिंग के माध्यम से ऋण वसूली भी की जा चुकी है। जिले इस बार समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए कुल 1 लाख 14 हजार 759 किसानों का 1 लाख 22 हजार हेक्टेयर से अधिक पंजीकृत है, इससे कुल 64 लाख 84 हजार 850 क्विंटल धान खरीदी का अनुमान है। अब तक जिले में 94 हजार 817 किसान धान विक्रय कर चुके हंै, जिनसे कुल 47 लाख 53 हजार 226 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है।
धान खरीदी के लिए जिले के सहकारी समितियों में अब तक कुल 1 करोड़ 38 लाख 55 हजार 655 बारदाने प्राप्त हुए हैं। इनमें 1 करोड़ 18 लाख 83 हजार 66 बारदाने का खरीदी में उपयोग किया जा चुका है। वर्तमान में उपयोग के लिए 19 लाख 72 हजार 589 बारदाने शेष है।