दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 मई। शहर में मंगलवार की सुबह दुर्ग पुलिस द्वारा विशेष सघन चेकिंग अभियान, कांबिंग गश्त चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की व्यापक जांच की गई। कांबिंग गश्त में अवैध हथियार गांजा एवं बाइक के साथ संदिग्ध पकड़े गए हैं। पुलिस ने ग्रीन चौक, टिकरा पारा, हरना बांधा एवं तकिया पारा क्षेत्र में 100 पुलिस बल के साथ सघन कमिंग गश्त अभियान चलाया था। सर्च अभियान के दौरान आरोपियों के कब्जे से तलवार, धारदार हथियार, गुप्ती गांजा एवं संदिग्ध बाइक बरामद की गई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट आर्म्स एक्ट एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
नगर पुलिस अधीक्षक यदुमणि सिदार, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पाटन अनूप लकड़ा के नेतृत्व में एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशन में अपराधों की रोकथाम,क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 12 मई की सुबह 4 से 8 बजे तक थाना मोहन नगर एवं सिटी कोतवाली क्षेत्र में ग्रीन चौक, टिपरा पारा, हरना बांधा एवं तकिया पारा क्षेत्र में 100 पुलिस बल के साथ आकस्मिक सर्च एवं तलाशी अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, संदिग्ध मकान एवं अपराधी गतिविधियों में संलिप्त आदतन अपराधियों के ठिकानों की सघन जांच की गई। पुलिस द्वारा कई व्यक्तियों की तलाशी लेकर पूछताछ की गई। सर्च अभियान के दौरान ग्रीन चौक निवासी विकास यादव उर्फ लासा (21 वर्ष) एवं प्रशांत उफऱ् बालू निवासी ग्रीन चौक के कब्जे से अवैध हथियार एवं मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। आरोपियों के कब्जे से धारदार तलवार, धारदार हथियार, गुप्ती, अवैध गांजा संदिग्ध मोटरसाइकिल भी बरामद कर जब्त की गई है।
आरोपी विकास यादव उर्फ लासा के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत तथा आरोपी प्रशांत उफऱ् बालू निवासी ग्रीन चौक के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना मोहन नगर एवं सिटी कोतवाली की संयुक्त पुलिस टीम, पेट्रोलिंग स्टाफ एवं कांबिग गश्त में शामिल पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों की उल्लेखनीय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, अवैध हथियार, मादक पदार्थ, संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी मिलते ही तुरंत पुलिस को सूचना दें। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


