दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 मई। गया नगर दुर्ग में बहन को छेडऩे की बात को लेकर हुए विवाद एवं पूर्व से चले आ रहे पुराने विवाद में आरोपी पक्ष ने एक युवक की धारदार हथियार, लाठी एवं पत्थर से मारकर हत्या कर दी। 11 मई की आधी रात को नौ आरोपियों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है और मामले की विवेचना कर रही है।
पुलिस के मुताबिक 11 मई की रात लगभग 10.30 बजे गया नगर दुर्ग में प्रार्थी पक्ष एवं आरोपी पक्ष के मध्य बहन को छेडऩे की बात को लेकर विवाद हुआ था। वहीं पूर्व से आपसी रंजिश भी चली आ रही थी। रात लगभग 1 बजे आरोपीगण आकाश उर्फ अक्कू, बिट्टू सारथी, आर्यन गुप्ता, लक्की सारथी एवं अन्य साथियों ने प्रार्थी पक्ष के लोगों के साथ हाथ मुक्का, लाठी डंडा, बल्ला एवं धारदार हथियार से मारपीट की।
घटना में जितेश उर्फ रितेश ठाकुर (23 वर्ष) निवासी गया नगर दुर्ग, राहुल ठाकुर, नवीन ठाकुर एवं भोला यादव को गंभीर चोटें आई थी। घायल जितेश उर्फ रितेश ठाकुर को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। वहीं घायल राहुल ठाकुर का उपचार अस्पताल में किया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लाठी डंडा, धारदार हथियार, पत्थर ईंट, बल्ला आदि जब्त किया है।
हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी आकाश यादव उर्फ अक्कू (25 वर्ष) निवासी गया नगर गली नंबर 2 वार्ड नंबर 3, विजय सारथी उर्फ बिट्टू (26 वर्ष) निवासी मठपारा सारथी मोहल्ला, आर्यन गुप्ता निवासी गिरधारी नगर हरना बांधा मुक्तिधाम के पीछे, लकी सारथी (17 वर्ष) निवासी मठपारा बजरंग बली मंदिर के पास, भूपेंद्र सारथी उर्फ बनू निवासी मठपारा सारथी मोहल्ला, ललित यादव (23 वर्ष) निवासी मुंबई आवास उरला, युवराज सारथी (18 वर्ष) निवासी चंडी मंदिर के पास मठपारा, बलराम उर्फ बाली (22 वर्ष) निवासी सारथी मोहल्ला मठपारा, नागेश यादव (20 वर्ष) निवासी मठपारा चंडी मंदिर के पास दुर्ग को गिरफ्तार किया है।
देर रात हुए हत्या के मामले में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग टीम बनाकर आरोपियों की तलाश प्रारंभ करती थी टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी एवं साक्ष्य संकलन करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संवेदनशील क्षेत्र राजीव नगर, गया नगर, मठपारा में पूर्व में कई आपराधिक मामले हो चुके हैं।


