दुर्ग
सडक़ घेरकर बनाई सीढ़ी हटाने के निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 मई। नगर निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड 16 जयंती नगर स्थित गार्डन हेतु घोषित रिक्त भूमि पर अतिक्रमण कर कब्जा किए जाने की शिकायत वार्डवासियों द्वारा महापौर अलका बाघमार से की गई। शिकायत मिलते ही महापौर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थल का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महापौर अलका बाघमार के साथ लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, भवन अधिकारी प्रकाशचंद थवानी एवं उप अभियंता पंकज साहू उपस्थित रहे। वार्डवासियों ने बताया कि संबंधित स्थल पर अतिक्रमण कर कब्जा किया गया है, जिससे मिनी गार्डन निर्माण की योजना प्रभावित हो रही है तथा क्षेत्र के नागरिकों को सार्वजनिक सुविधा से वंचित होना पड़ रहा है।सडक़ पर बढ़ाई गई सीढ़ी हटाने के निर्देश, आवागमन में परेशानी हो रही थी।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने सडक़ क्षेत्र में आगे बढ़ाकर बनाए गए सीढ़ी निर्माण को भी हटाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सडक़ पर अतिक्रमण एवं सीढ़ी निर्माण के कारण लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं एवं बच्चों को आने-जाने में परेशानी होती है। महापौर अलका बाघमार ने कहा कि निगम क्षेत्र में सार्वजनिक भूमि एवं सडक़ पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।


