कोरबा, 25 अक्टूबर। दर्री थाना क्षेत्र में एक सराफा व्यापारी को 9 लाख रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया है। इस धोखाधड़ी को एक व्यक्ति ने विश्वास जीतकर अंजाम दिया। पुलिस में शिकायत घटना के 8 महीने बाद की गई है।
दर्री क्षेत्र के संजय कुमार सोनी 2012 से ओम शिव ज्वेलर्स के नाम से सोने-चांदी के आभूषणों का व्यापार कर रहे हैं। नवंबर 2023 में एक व्यक्ति हरि सिंह नायक नाम का व्यक्ति पहली बार उसकी दुकान पर एक महिला के साथ आया। उसने छोटे आभूषण बनवाए। बाद में दुकान पर नियमित रूप से आकर पुराने आभूषणों की मरम्मत कराने और नए डिज़ाइन के आभूषण बनवाने लगा। हरि सिंह अक्सर एक महिला और बुजुर्ग व्यक्ति के साथ आता था, जिन्हें वह अपनी पत्नी और चाचा बताता था। लगातार इस संपर्क से संजय को उस पर भरोसा हो गया।
5 जनवरी 2024 को वह संजय सोनी के पास 10-10 ग्राम के 21 लॉकेट्स लेकर आया और कहा कि इन्हें नए आभूषणों में बदलना है। पहले भी संजय ने इन लॉकेट्स की जांच की थी, जो असली थे। लेकिन इस बार हरि सिंह ने उन्हें बातों में उलझाकर जांच का मौका नहीं दिया। इसके बदले में संजय ने 3,94,190 रुपये के सोने-चांदी के आभूषण दिए। इसमें 2 नग सोने की चेन, 3 जोड़ी चांदी की पायल, एक ब्रेसलेट, 2 नग चांदी की चेन और दो जोड़ी बिछिया शामिल थीं। हरि सिंह ने पैसों की तंगी का बहाना बनाया था, जिससे संजय ने अपने भाइयों से उधार लेकर 5 लाख रुपये नगद भी दिए। इस धोखाधड़ी का खुलासा 8 महीने बाद हुआ, तब संजय ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।