‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम/अभनपुर, 27 अप्रैल। अभनपुर में एक तेज रफ्तार हाईवा ने स्कूटी सवार को अपनी चपेट में ले लिया है। घटना में स्कूटी सवार की मौके पर ही मौत हो गई है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाईवे 30 में चक्काजाम कर दिया है। हादसा अभनपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार अभनपुर के बीच बस्ती में एक तेज रफ्तार हाईवा ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी है। हादसे में स्कूटी चला रहे चंद्रिका साहू पिता आंनद राम साहू (55) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शाम 5 बजे की बताई जा रही है। मृतक कोलर का रहने वाला है। वह किसी काम से ग्राम खोला गया हुआ था। वहां से लौटते समय अभनपुर के थाना मोड नया रोड में यह घटना हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई।
आक्रोशित भीड़ ने नेशनल हाईवा में चक्काजाम कर शासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। लोग मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और घटना स्थल पर ओवरब्रिज निर्माण करने की मांग कर रहे थे। इधर माहौल बिगड़ते देख प्रशासन के आला अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए थे।