बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 7 फरवरी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा द्वारा एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति को रेस्क्यू कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं के तहत की गई।
प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार नया सर्किट हाउस, बेरला रोड, बेमेतरा के समीप एक अज्ञात व्यक्ति के सडक़ किनारे पड़े होने की सूचना मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मोहित सिंह द्वारा दी गई। सूचना मिलने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनिता कोशिमा रावटे ने इस संबंध में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सरोज नंद दास को अवगत कराया और आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की गई। प्राधिकरण के अधिकार मित्र संजीव शर्मा, चेतन सिंह और देवेंद्र यादव तथा पुलिस आरक्षक राजेंद्र जायसवाल के सहयोग से संबंधित व्यक्ति को सुरक्षित स्थान पर लाया गया। इसके बाद प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सकीय परीक्षण के लिए उसे जिला अस्पताल, बेमेतरा भेजा गया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा व्यक्ति की मानसिक एवं शारीरिक स्थिति का परीक्षण किया गया। आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट से आदेश प्राप्त किया गया। आदेशानुसार संबंधित व्यक्ति को उपचार के लिए शासकीय मानसिक चिकित्सालय, सेंदरी (बिलासपुर) में भर्ती कराया गया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि इस प्रकार की सहायता जरूरतमंद व्यक्तियों तक पहुँचाने के लिए प्राधिकरण निरंतर प्रयासरत है।


