बेमेतरा

बिना पार्किंग का मैरिज पैलेस, दो घंटे तक ट्रैफिक जाम, एंबुलेंस भी फंसी
07-Feb-2026 2:24 PM
बिना पार्किंग का मैरिज पैलेस, दो घंटे तक ट्रैफिक जाम, एंबुलेंस भी फंसी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 7 फरवरी। नेशनल हाईवे-30 रायपुर-जबलपुर मार्ग पर कलेक्ट्रेट के सामने संचालित भारत मैरिज पैलेस में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण यातायात बाधित होने की स्थिति बनी। विवाह समारोह के दौरान सडक़ किनारे वाहनों की पार्किंग के कारण लगभग दो घंटे तक जाम लगा रहा। इस दौरान एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार विवाह समारोह के दौरान मेहमानों के वाहन हाईवे किनारे खड़े कराए गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। राहगीरों का कहना है कि इस समस्या के बावजूद व्यवस्था सुधार के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

 पार्किंग व्यवस्था पर सवाल

नियमों के अनुसार बड़े आयोजनों के लिए आयोजन स्थल के भीतर पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था अनिवार्य होती है और नेशनल हाईवे पर पार्किंग प्रतिबंधित है। इसके बावजूद समारोह के दौरान वाहनों को हाईवे किनारे खड़ा किया गया, जिससे यातायात बाधित हुआ।

स्थानीय नागरिक ओम प्रकाश वर्मा ने कहा, हाईवे के किनारे मैरिज हॉल की अनुमति देना उचित नहीं है। प्रशासन को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए।

वहीं छोटू राजपूत ने कहा, प्रशासन को बिना पार्किंग वाले मैरिज हॉल के संचालन की समीक्षा करनी चाहिए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करनी चाहिए।

 एंबुलेंस भी जाम में फंसी

जाम के दौरान एक एंबुलेंस भी ट्रैफिक में फंस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एंबुलेंस मरीज को छोडक़र लौट रही थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी स्थिति में आपातकालीन सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है।

आयोजन स्थल के भीतर पर्याप्त निजी पार्किंग अनिवार्य

नगर पालिका और शहरी नियोजन के प्रावधानों के अनुसार किसी भी व्यावसायिक भवन के कुल क्षेत्रफल का कम से कम 35 प्रतिशत हिस्सा पार्किंग के लिए आरक्षित होना अनिवार्य है। सार्वजनिक मार्ग को अवरुद्ध करना दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। इसके बावजूद कई आयोजन स्थलों पर इन नियमों का पालन नहीं होने की शिकायतें सामने आती रहती हैं।

यातायात प्रभारी प्रवीण खलखो ने कहा,विवाह समारोह के दौरान जाम लगने के मामले में मैरिज पैलेस संचालक को बुलाया जाएगा और पार्किंग व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली जाएगी।

भारत मैरिज पैलेस के संचालक भारत साहू ने कहा, राजनीतिक दबाव के चलते जाम की स्थिति बनी। समारोह प्रमुख ने प्रशासन से निपटने का भरोसा दिया था। भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए कर्मचारी नियुक्त किए जाएंगे।

नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा, शहर में संचालित सभी मैरिज पैलेस की पार्किंग व्यवस्था, फायर सेफ्टी सिस्टम और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।

 इसके लिए संचालकों को नोटिस जारी किया जाएगा।

 


अन्य पोस्ट