बेमेतरा

दुकान निर्माण का विरोध, कांग्रेसियों का धरना-प्रदर्शन
03-Feb-2026 4:16 PM
दुकान निर्माण का विरोध, कांग्रेसियों का धरना-प्रदर्शन

निर्माण कार्य रोकने की मांग, 15 दिन का अल्टीमेटम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 3 फरवरी। नवागढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत जनपद पंचायत कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने जनपद पंचायत परिसर में राजीव गांधी की मूर्ति के निकट प्रस्तावित दुकान निर्माण का विरोध करते हुए प्रशासन से निर्माण कार्य रोकने की मांग की।

पूर्व जनपद अध्यक्ष अंजली मारकंडे, जिला पंचायत सदस्य सुशीला जोशी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवागढ़ के अध्यक्ष अश्वनी अनंत, संबलपुर अध्यक्ष गणेश राजपूत और नांदघाट ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र साहू ने इस संबंध में पूर्व में ज्ञापन देकर 2 फरवरी से आंदोलन की चेतावनी दी थी।

सोमवार को आयोजित धरना प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आशीष छाबड़ा और पूर्व विधायक गुरुदयाल बंजारे भी शामिल हुए। मंच से कांग्रेस नेताओं ने अपनी बातें रखीं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने प्रशासन को दुकान निर्माण कार्य रोकने के लिए 15 दिनों का समय दिए जाने की बात कही। पूर्व विधायक गुरुदयाल बंजारे ने अपने संबोधन में निर्माण कार्य को लेकर कई सवाल उठाए।

इस दौरान पूर्व जनपद अध्यक्ष अंजली मारकंडे, जिला पंचायत सदस्य सुशीला जोशी और शशि प्रभा गायकवाड़ सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी धरना स्थल पर संबोधित किया।

दस बिंदुओं पर जांच की मांग

धरना प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में राजीव गांधी की मूर्ति के सामने दुकान निर्माण पर रोक लगाने, निर्माण पर किए गए खर्च की जांच, 1 जनवरी 2024 से अब तक जनपद पंचायत के सभी बैंक खातों की जांच, कर्मचारियों के वेतन मद की राशि के व्यय और उसकी अनुमति, टैंकर, डस्टबिन और रिक्शा खरीदी से संबंधित पत्राचार, 15वें वित्त की राशि से किए गए भुगतान, जनपद पंचायत के खातों में दो वर्षों में मिले ब्याज की राशि और उसके उपयोग, जनवरी 2024 से अब तक वाहन, मशीन एवं अन्य बिलों के भुगतान, जारी कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र, खनिज मद से प्राप्त राशि के लेखा-जोखा तथा दुकान किराए से प्राप्त राशि के उपयोग की जांच की मांग की गई है।

धरना प्रदर्शन में कांग्रेस नेता सुरेंद्र तिवारी, टी.आर. जनार्दन, ज्ञानदास रात्रे, विजय बघेल, ललित विश्वकर्मा, गुरुभेज सिंह गुम्बर, झम्मन बघेल, जावेद खान, सनतधर दीवान, शशि प्रभा गायकवाड़, सुशीला जोशी, विजय यादव, लाला कटारे, देवेंद्र साहू, मिथलेश वर्मा, गणेश राजपूत, अश्वनी अनंत, सतीश मारकंडे, तरुण घृतलहरे, कैलाश सोनी, मनोज शर्मा, तिलक घोष, अमित जैन, ईश्वर लोधी, माधव राजपूत, भंजन बंजारे, सतीश चतुर्वेदी, हेमंत साहू, रोली वैष्णव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट