बेमेतरा

बजट: भाजपा ने सराहा, कांग्रेस ने कहा निराशाजनक
02-Feb-2026 4:10 PM
बजट: भाजपा ने सराहा, कांग्रेस ने कहा निराशाजनक

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 2 फरवरी। केंद्रीय बजट पर भाजपा और कांग्रेस की प्रतिक्रिया सामने आई है। भाजपा नेता इस बजट की तारीफ किए बिना तक नहीं रहे हैं। वहीं कांग्रेस के नेता इस बजट को उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने वाला कह रहे हैं। वहीं आम लोगों ने भी बजट को लेकर उन्हें निराश करने की बात कही है।

2047 के विकसित भारत का बजट-दीपेश

विधायक दीपेश साहू ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 देश को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प के तहत तैयार किया गया है। यह बजट गरीबी दूर करने वाला है और आने वाले समय में सभी क्षेत्रों में तेज विकास देखने को मिलेगा।

देश को निराश करने वाला बजट- आशीष

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने कहा यह बजट आम जनता के लिए नहीं है। बल्कि बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने वाला है। छत्तीसगढ़ को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है। छत्तीसगढ़ में मोदी की गारंटी में लाखों किसान धान बेचने से वंचित हो गए हैं।

किसानों की आय बढ़ेगी-राजेंद्र

पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने कहा कृषि के लिए आधुनिक तकनीकी, सिंचाई विस्तार, प्राकृतिक खेती प्रोत्साहन व ग्रामीण आजीविका को मजबूती देने वाले प्रावधान से किसानों की आय बढ़ेगी।

आम लोगों की समझ से बाहर - प्रांजल

जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष प्रांजल तिवारी ने कहा भाजपा कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। यह बजट आम लोगों की समझ से बाहर है। महंगाई को रोकने के लिए उपाय नहीं है।

नारी शसक्तीकरण को समर्पित -प्रज्ञा

भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी ने कहा बजट में हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल निर्माण, महिला उद्यमिता के लिए लखपति दीदी योजना जैसी पहल महिलाओं को आगे बढ़ाएगी।

आम जनता के हितों से परे-रश्मि

शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष रश्मि मिश्रा ने कहा बजट लोक लुभावना लेकिन आम जनता के हितों से परे है। बजट में गरीब, किसान, मजदूर और महिलाओं के कल्याण के लिए कोई ठोस योजना नहीं है।

बेटियों के लिए खुशखबरी -नीतू

नीतू कोठारी पार्षद (भाजपा)ने कहा बजट में बेटियों के लिए हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल की स्थापना की घोषणा की गई है। जिससे बेटियों को शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा होगी और बेटियां सशक्त बनेगी।

नई व प्रभावशाली घोषणा नहीं -रीता

रीता पांडे पार्षद (कांग्रेस)ने कहा महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए किसी नई और प्रभावशाली योजना की घोषणा नहीं की गई है।


अन्य पोस्ट