बेमेतरा

युवा ही राष्ट्र की असली शक्ति-कल्पना योगेश
16-Dec-2025 4:22 PM
युवा ही राष्ट्र की असली शक्ति-कल्पना योगेश

नेवनारा में एनएसएस का 7 दिनी विशेष शिविर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 16 दिसंबर। शासकीय नवीन महाविद्यालय बेरला की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ग्राम पंचायत नेवनारा में आयोजित 7 दिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत पाँचवें दिवस जनजागरूकता, स्वच्छता अभियान एवं पौधारोपण जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए। शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना है।

शिविर के पाँचवें दिवस की प्रमुख गतिविधि पौधारोपण अभियान रही, जिसमें एनएसएस स्वयंसेवकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता जागरूकता एवं ग्राम विकास को केंद्र में रखकर दिनभर विविध सामाजिक गतिविधियाँ संचालित की गईं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी उपस्थित रहीं। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि वे स्वयं भी अपने छात्र जीवन में एनसीसी की छात्रा रही हैं और युवाओं द्वारा किए जा रहे इस प्रकार के कार्य अत्यंत सराहनीय हैं।

उन्होंने कहा कि युवा ही राष्ट्र की असली शक्ति हैं। समाज और पर्यावरण के हित में किए गए छोटे-छोटे प्रयास भविष्य में बड़े परिवर्तन का आधार बनते हैं।

 

उन्होंने स्वयंसेवकों से संवाद कर शिविर के अनुभवों की जानकारी ली तथा किसी भी प्रकार की असुविधा को दूर करने हेतु ग्राम सरपंच लोकेश साहू को आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम में स्वच्छता जागरूकता रैली से हुई, जिसमें स्वयंसेवकों ने स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त गांव एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके पश्चात विद्यालय परिसर एवं आसपास पौधारोपण किया गया।

स्थानीय नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई। शिविर में एनएसएस स्वयंसेवक हेमा, माधुरी, राजू, हसीना, दीक्षा, मनीष, राहुल, केशव, अमन, मधु, रोशनी, रितु, तोरण सहित अन्य छात्र-छात्राएं सक्रिय रूप से शामिल रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस प्रभारी युवराज पवले एवं आशीष एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस अवसर पर महाविद्यालय की ओर से अविनाश सिंह राजपूत, गुलाबचंद साहू, ग्राम सरपंच लोकेश साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। शिविर प्रभारी ने जानकारी दी कि आगामी दिनों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, नशा मुक्ति जनजागरूकता कार्यक्रम एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष शिविर के माध्यम से युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने का उद्देश्य रखा गया है।


अन्य पोस्ट