बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 16 दिसंबर। सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने फोन पर फर्जी भुगतान का स्क्रीनशॉट दिखाकर धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 नवंबर को प्रार्थी नया बस स्टैंड में शुभम मोबाइल दुकान के संचालक राजेंद्र कुमार मिश्रा जो ने सिटी कोतवाली में धोखाधड़ी करने का शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के अनुसार एक व्यक्ति उनकी दुकान पर आया और 70 हजार का फोन खरीदने का सौदा तय किया। आरोपी ने दुकानदार के कर्मचारियों को फोन पर 70 हजार ट्रांसफर करने के बाद कही और भुगतान सफल होने का एक फर्जी स्क्रीन शॉट दिखाए।
कर्मचारियों ने स्क्रीनशॉट पर भरोसा कर लिया, लेकिन जब खाते की रकम चेक की गई तो वह नहीं आई थी। इस बीच आरोपी 72,535 कीमत का फोन लेकर फरार हो गया।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस टीम त्वरित कार्यवाही शुरू की। विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी अफरीदी खान (20) निवासी धौराभाठा ,धमधा हाल मुकाम राजा तालाब रायपुर से पूछताछ की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसने अपने साथी ओमप्रकाश साहू (20) निवासी भौंराभाठा , धमधा के साथ मिलकर इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया। दोनों ने धोखाधड़ी करने के बाद बुलेट पर सवार होकर भाग निकले थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में न्यायिक रिमांड पर प्रस्तुत किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धोखाधड़ी किए फोन को बरामद कर लिया है। इसके अलावा आरोपियों ने जो फोन बदलकर रायपुर के एक मोबाइल दुकान से अन्य आई फोन 14 लिया था, वह भी बरामद किया गया।


