बेमेतरा

धान खरीदी के एवज में वसूली का आरोप, किसानों का समिति में हल्लाबोल
12-Dec-2025 3:38 PM
धान खरीदी के एवज में  वसूली का आरोप, किसानों  का समिति में हल्लाबोल

प्रबंधक को हटाया गया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 12 दिसंबर। बेरला ब्लॉक अंतर्गत सेवा सहकारी समिति कुसमी के प्रबंधक सोमेश साहू के खिलाफ किसानों ने धान खरीदी के दौरान अतिरिक्त राशि मांगे जाने का आरोप लगाते हुए विरोध दर्ज कराया। ग्राम रामपुर, सोलरा और कुसमी के किसानों ने समिति परिसर पहुंचकर अपनी शिकायतें रखीं।

बेरला तहसीलदार आशुतोष गुप्ता ने स्थल पर पहुंचकर प्रकरण से संबंधित पंचनामा तैयार किया। वहीं आरोपी प्रबंधक ने वसूली के 71,000 रुपए वापस किए।

किसानों का आरोप है कि धान खरीदी में देरी की जाती थी और बाद में कर्मचारियों के माध्यम से राशि की मांग की जाती थी। कर्मचारी सुरेश ने बताया कि उसने प्रबंधक के कहने पर किसानों से पैसा लिया।

मौके पर प्रबंधक सोमेश साहू ने किसानों को लगभग 71,000 रुपये लौटाए। किसानों के अनुसार— किसान चूराम साहू का 10,000, मेंनेश तिरार का 14,000 , झड़ी का 4,000 , सतरूपा का 1,500 , रूपेश का 3,000 व अन्य किसानों से 38,000 हजार रुपए लौटाए।

किसानों का कहना है कि यह राशि उसी दिन उपस्थित किसानों को वापस की गई, जबकि इससे पहले भी कई किसान धान खरीदी के दौरान राशि लिए जाने की शिकायत दे चुके हैं। उनका प्रश्न है कि उन मामलों में आगे क्या कार्रवाई होगी।

प्रबंधक को हटाया गया-समिति प्रबंधक सोमेश साहू को पद से हटाया गया है। किसानों ने यह भी कहा कि अधिकारियों को नियमित निगरानी रखनी चाहिए थी।

 

अपराध पंजीबद्ध न होने पर सवाल-किसानों का कहना है कि आरोपित प्रबंधक द्वारा किसानों से राशि ली गई और वही राशि वापस की गई, इसलिए इस मामले में अपराध दर्ज किए जाने की आवश्यकता थी। किसान चुरामन साहू, मंगतू, मिलेश, रूपेश, रोहित, गेंदराम पाल आदि ने कार्रवाई की मांग की है।

नायब तहसीलदार आशुतोष गुप्ता ने कहा कि धान खरीदी के एवज में राशि लिए जाने की शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशीष छबड़ा ने कहा कि अपराध पंजीबद्ध होना चाहिए।


अन्य पोस्ट