बेमेतरा
कांग्रेस ने सीएम का पुतला फूंका
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 30 नवंबर। जमीन गाइडलाइन दरों में बेतहाशा वृद्धि और रजिस्ट्री की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी ने पुराना बस स्टैंड में मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस के नेताओं ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि अब छत्तीसगढ़ में जमीन खरीदना गरीब मध्यम वर्गीय लोगों के लिए सपना बन गया है। इस दौरान पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने प्रदेश सरकार पर आम आदमी के सपनों को चुराने का आरोप लगाया। छाबड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार ने जो भूमि दरों और रजिस्ट्री फीस में बेतहाशा वृद्धि की है, वह असहनीय है।
कांग्रेसियों ने सरकार को अब अपनी कुंभकरणीय नींद से जागकर आम जनता की परेशानियों पर ध्यान देने कहा। साथ ही, भाजपा सरकार को चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द ही इस पर कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस और जनता मिलकर सडक़ पर उतरेंगे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह बढ़ोतरी गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि अब उनके लिए अपना घर खरीदना या छत का सपना देखना भी संभव नहीं रहा। कांग्रेस ने भाजपा की नीतियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा की यह वृद्धि आम जनता के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह बढ़ोतरी गरीब व मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए एक बड़ा झटका है। कांग्रेस ने भाजपा की नीतियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा की यह वृद्धि आम जनता के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं है। प्रदर्शन में सुरेंद्र तिवारी, मंगत साहू, प्रणीश चौबे, रवि परगनिहा, मिथलेश वर्मा, हरिश साहू, सुशीला जोशी, रीता पांडे, झमन बघेल, रश्मि मिश्रा, रूबी सलूजा, योगिता साहू, मनोज शर्मा, रवि रजक, प्रवीण शर्मा, नवीन ताम्रकार, मोंटू तिवारी, दीपक दिनकर, राजू साहू आदि शामिल रहे।


