बेमेतरा

घायलों के इलाज के खर्चों से परिजन परेशान
01-May-2024 2:47 PM
घायलों के इलाज के खर्चों से परिजन परेशान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 1 मई।
जानकारी हो ग्राम कठिया में हुई सडक़ दुर्घटना में रविवार की देर रात 9 लोगों की मौत व 23 ग्रामीण घायल हुए थे। हादसे के 40 घंटे बाद भी गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। हादसे में अपनों को खोने वाले परिवार के लोग अभी भी हादसे से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। दूसरी तरफ निजी व सरकारी अस्पताल में उपचार करा रहे घायलों के परिजन परेशान हो रहे हैं। 

जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल में 8 घायलों को भर्ती किया गया था, जिसमें से 3 को मंगलवार को उपचार के बाद रिलीव कर दिया गया है। 5 मरीजों में रेणुका के कंधे व पैर का ऑपरेशन किया गया है। वहीं पुन्नी यादव के पैर का ऑपरेशन किया गया है। वहीं अन्य मरीज दुखनी बाई यादव, सुखिया देवांगन व सविता साहू का ऑपरेशन व उपचार किया जाएगा। जिला अस्पताल में भर्ती 8 मरीजों में 7 महिला व 1 वाहन चालक प्रेमू साहू है। मंगलवार को प्रेमू साहू, हेमलता व मालती साहू को उपचार के बाद रिलीव कर दिया गया।

ज्यादातर कामगार परिवार के हैं इसलिए उपचार की चिंता 
परिजनों ने बताया कि हादसे में घायल हुए ग्रामीणों में ज्यादातर परिवार कमजोर आय व कामगार परिवार के हैं। हादसे के बाद कुछ घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। ग्राम बालसमुन्द्र के रामकुमार साहू ने बताया कि उसका बेटी, नाती व दो नातिन भर्ती है, जिसमें से एक रेणुका का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है। वहीं लोकेश्वर को रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब तक उसके उपचार पर करीब एक लाख खर्च हो चुके हैं। वही नातिन डिम्पल के कान का उपचार पर भी खर्च होना है। रामकुमार ने बताया कि परिवार का गुजर-बसर रोजी मजदूरी कर चलता है। ऐसे में उपचार कराना भारी पड़ रहा है। घायल सुशीला देवागंन के पति रमेश देवांगन ने बताया कि अभी तक डॉक्टर मरीज कब तक भर्ती रहेगी, इसकी जानकारी नहीं दे पाए हैं। अधिक समय तक उपचार चलने की संभावना है।

सडक़ किनारे वाहन खड़ा करने वाले चालक के खिलाफ मामला दर्ज 
सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रार्थी परदेशी यादव की रिपोर्ट पर मृतका भूरी निषाद, निरा साहू, गीता साहू के मौत के मामले में छोटा ट्रक वाहन के चालक गजेन्द्र कुमार पर सुरक्षा मानकों के उपयोग के बगैर उपेक्षा पूर्ण ढंग से आम सडक़ पर बिना संकेतक लगाए गाड़ी खड़ी करने से दुर्घटना होने पर धारा 283 व 304 अ के तहत अपराध दर्ज किया है। दूसरी तरफ अन्य मृतकों की ओर से संबंधित थाना में दर्ज मामले की जानकारी अब तक स्थानीय पुलिस के पास नहीं पहुंची है।

पंचायत भवन में सभी मृतकों व घायलों का ब्यौरा तैयार  
जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को 25 -25 हजार व घायलों को 10-10 हजार रुपए देने की घोषणा की है। मंगलवार को सभी के खाते में राशि डीबीटी करने के लिए खाता नंबर जुटाया गया। डिटेल तैयार करने के लिए राजस्व व पंचायत विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। पंचायत सचिव गनपत यदु ने बताया कि सभी का डाटा तैयार किया जा रहा है, जिसके बाद राशि डाली जाएगी। घायलों के उपचार के लिए अभी तक बड़ी मदद की घोषणा नहीं की गई है।
 


अन्य पोस्ट