बेमेतरा
सुशासन दिवस पर 72 हजार से अधिक किसानों के खातों में 232 करोड़ बोनस का अंतर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 26 दिसंबर। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर वर्ष 2014-15 एवं 2015-16 में धान बेचने वाले जिले के किसानों का लम्बित बोनस 232 करोड़ 21 लाख 66 हजार रुपए राशि का आनलाइन भुगतान किया गया।
नवागढ़ विधानसभा में कैबिनेट मंत्री दयाल दास बघेल, बेमेतरा विधानसभा में विधायक दीपेश साहू व साजा विधानसभा में विधायक ईश्वर साहू के मुख्य आतिथ्य में जिले के किसानों को बोनस की राशि का वितरण किया गया।
कैबिनेट मंत्री ने नवागढ़ ब्लॉक के 16,535 किसानों को 54 करोड़ 76 लाख 65 हजार रुपये वितरण के 20 हितग्राहियों को धान बोनस राशि प्रमाण-पत्र सौपे। इस अवसर पर बेमेतरा मंडी प्रांगण में आयोजित समारोह में पूर्व नपाध्यक्ष विजय सिन्हा, राजेन्द्र शर्मा, हर्षवर्धन तिवारी, राकेश मोहन शर्मा, राजेश शर्मा, गौरव साहू, छोटू साहू, मोंटी साहू, ललिता साहू, रीना साहू, रोशन दत्त आदि मंचस्थ रहे।
मोदी की गारंटी में शामिल हर वादे को पूरा किया जा रहा
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने जो वादा किया उन वादों को समय सीमा पूरा किया जा रहा है। इससे किसान खुश है। जिले के साथ क्षेत्र का विकास तेजी से किया जाएगा। मोदी की गारंटी में शामिल हर वादे को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। नवागढ़ में अवैध शराब, जुहा-सट्टा पर कड़ी कार्रवाई के लिए अधिकारियों निर्देशित किया गया है। जनता को भय-मुक्त वातावरण मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर समझ में उपस्थित जनप्रतिनिधि, अधिकारी व किसानों ने मुख्यमंत्री का उद्बोधन सुना।
72 हजार से अधिक किसानों को 232 करोड़ का बोनस वितरित
वर्ष 2014-15 में जिले के 71602 किसानों ने 37 लाख 66 हजार 836 क्विंटल धान की लंबित बोनस राशि का भुगतान किया गया। सबसे ज़्यादा बेरला के 19,901 कृषकों को 33 करोड़ 98 लाख 86 हजार, नवागढ़ के 16,347 कृषकों को 26 करोड़ 41 लाख 26 हजार, बेमेतरा के 16472 कृषकों को 25 करोड़ 84 लाख 51 हजार एवं साजा विकासखंड के 18,882 किसानों को 27 करोड़ 72 लाख 88 हजार रुपये लंबित बोनस बैंक खाते में अंतरण किया गया। इसी प्रकार वर्ष 2015-16 में जिले के 72136 किसानों के बैंक खाते में 119 करोड़ 24 लाख रुपए का अंतरण किया गया।
किसानों का प्रदेश सरकार और मोदी पर विश्वास बढ़ा
इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने बेमेतरा कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित समारोह में उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का ये दिन बड़ा ऐतिहासिक है। 25 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के निर्माता भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस सुशासन दिवस पर छत्तीसगढ़ के किसानों से किए वादे को पूरा करते हुए 2 साल का बकाया बोनस को दिया गया। राज्य के किसानों का विश्वास छत्तीसगढ़ की सरकार और मोदी जी पर बढ़ा है। सरकार बनते ही गरीबों को 18 लाख आवास देने का निर्णय लिया गया। कई लोगों ने घर के लिए कर्ज लिया, कई अपना घर बना ही नहीं पाए उनके लिए आवास स्वीकृत किया गया। मोदी की गारंटी हम पूरी तरह से निभाएंगे।


