बेमेतरा

नाली का गंदा पानी घरों में घुसा
25-Dec-2023 2:12 PM
नाली का गंदा पानी घरों में घुसा

 गंदगी व बदबू में जीने मजबूर 

 वार्ड में दिवाली से पहले नाली का निर्माण हुआ बंद 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 25 दिसंबर।
शहर के दो वार्डों में नाली निर्माण में हो रही लेटलतीफी के कारण पानी निकासी की समस्या बनी हुई है। शहर के नयापारा व मोहभ_ा रोड में लोगों को कछुए की रफ्तार व अधूरी बनी नालियों के कारण कई तरह की दिक्कतों का सामाना करना पड़ रहा है। दूसरी तरफ शहर के कोबिया वार्ड में नाली नहीं होने के कारण निकासी की समस्या बनी हुई है। यहां सडक़ पर पानी बह रहा है। जानकारी हो कि शहर के अलग-अलग तीन वार्डों के रहवासियों को नाली निर्माण में हो रही देरी का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।

सबसे अधिक समस्या नगर के वार्ड 15 की है, जहां पर 8 लाख की लागत से पक्की नाली का निर्माण किया जा रहा है। 
बताया गया कि समिति कार्यालय के पास से भैरवा बाबा मंदिर तक निर्माण किया जा रहा है। निर्माण के लिए बीते 10 दिनों से खुदाई की गई है। नाली निर्माण के दौरान पानी निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने के कारण वार्ड के घरों में पानी घुसने लगा है। बताया गया कि उक्त नाली से बाजार, नयापारा व आसपास के इलाके के पानी की निकासी होती है। निर्माण के लिए पुरानी नाली तोडें जाने की वजह से इस तरह की समस्या सामने आई है। 

ईश्वर सिंह ने बताया कि वार्ड में इस तरह की स्थिति है कि लोगों का अपने घर से निकलना मुश्किल हो गया है। निर्माण के पूर्व अस्थायी तौर पर निकासी की व्यवस्था की जाना थी, जिससे लोगों को इस समस्या का सामना नहीं करना पड़ता। अन्य रहवासियों ने बताया कि सप्ताह भर से इस तरह की स्थिति है। सीएमओ भूपेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि वैकल्पिक नाली निर्माण किया जाना था पर एक व्यक्ति के हस्तक्षेप के कारण काम नहीं हो रहा था। लोगों से बातचीत कर वैकल्पिक नाली बनाई गई है। कई वार्ड से निकासी पानी इसी नाली में आने की वजह सें भी दिक्कत बढ़ गई है।

शहर के वार्ड 6 मोहभ_ा वार्ड में भी निकासी के लिए नाली का निर्माण किया जा रहा है। बीते अक्टूबर माह से सडक़ के एक छोर पर बन रही नाली का निर्माण रूका हुआ है। नाली का निर्माण बंद होने की वजह से बीते दो माह से सडक़ किनारे घर, दुकान, खेत, बाड़ी जाने व आने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राहगीर मोहन यदु ने बताया कि वो दिवाली के पहले से नाली को अधूरा देखते आ रहे हैं। गत दिनों हुई बारिश के दौरान नाली नहीं बनने से रहवासी परेशान रहे है। बीते दो माह से लोग निर्माणाधीन नाली पर लकड़ी रखकर आना-जाना कर रहे हैं। 

वार्डवासियों ने बताया कि इस वार्ड में कुछ माह पूर्व सीसी रोड का निर्माण किया गया है पर पानी निकासी की समस्या है, जिसकी वजह से सडक़ पर ही जलभराव होने लगा है। सीएमओ भूपेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि मोहभ_ा वार्ड में 11 लाख 25 हजार की लागत सें नाली निर्माण हो रहा है। स्थिति को देखते हुए नाली का निर्माण पूरा करने के लिए ठेकेदार को निर्देशित किया जाएगा।

पांच साल से निकासी की समस्या है कोबिया वार्ड में

शहर के कोबिया वार्ड में बीते 5 साल से पानी निकासी की घोर समस्या है। वार्ड के संतोष वर्मा ने बताया कि इस वार्ड की स्थिति शहर में होने के बाद भी गांव से भी कमजोर है। निकासी के लिए बार-बार पालिका से मांग कर रहे पर पूरा नहीं किया जा रहा है। कमलेश वर्मा व गोलू कुमार के अनुसार हमारी समस्या को दूर करने में पालिका ने रूचि नहीं दिखाई है, जिसके कारण अभी भी आंगनबाडी रोड में पैदल चलना मुश्किल हो रहा है। आंगनबाड़ी व सामजिक भवन होने के कारण मौके पर आने-जाने वालों की संख्या अधिक है। आंगनबाड़ी के सामने कीचड़ होने के कारण बच्चे मच्छर मक्खी से परेशान रहते हैं। बताना होगा कि कोबिया वार्ड पालिका के पुराने रहवासी इलाके में से एक है। जिला मुख्यालय होने के बाद भी शहर के कई वार्डों की तस्वीर ऐसी है, जो विकास में पिछड़े होने का परिचय दे रहे हैं। ‘छत्तीसगढ़’ ने शहर के अलग-अलग तीन वार्डों में व्याप्त समस्याओं का जायजा लिया, जिसमें गंदे पानी की निकासी नहीं होने की समस्या से लोग बहुत ज्यादा परेशान दिखे।

दुर्गंध से लोग परेशान, फैल सकती है बीमारी 

अधूरी नालियों के कारण पानी निकासी नहीं हो पाने के कारण उसकी पहुंच लोगों के घरों तक हो गई है। सडक़ में पैदल चलने वाले भी परेशान हैं। लोगों की शिकायत है कि उन्हें 24 घंटे बदबू से हलाकान होना पड़ता है। वहीं मक्खी और मच्छरों ने भी परेशान कर दिया है। डॉक्टरों के मुताबिक यदि यही स्थिति रही तो डायरिया, हैजा, डेंगू और मलेरिया की भी शिकायत शुरू हो सकती है। इसलिए तत्काल गंदे पानी की निकासी करानी चाहिए। स्वास्थ्य अमले को घरों में क्लोरीन की टेबलेट बांटनी चाहिए। इसके साथ ही लोगों को भोजन ढंककर रखना चाहिए। किसी भी बीमारी की स्थिति में अस्पताल में डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।


अन्य पोस्ट