बलरामपुर

मवेशी तस्करी: फरार आरोपी गिरफ्तार
15-Apr-2026 9:34 PM
मवेशी तस्करी: फरार आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 15 अप्रैल। चौकी बरियों पुलिस ने मवेशियों की अवैध खरीद-बिक्री एवं तस्करी के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस द्वारा इस मामले में लगातार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज किया गया था। पूर्व में चौकी बरियों क्षेत्र के ग्राम आरा सरना पारा के पास पिकअप के माध्यम से मवेशियों की तस्करी किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां पुलिस को देखकर तस्कर वाहन लेकर भागने लगे। इसी दौरान वाहन खेत में फंस गया, जिससे चालक मवेशियों से भरा पिकअप छोडक़र मौके से फरार हो गया।

इस मामले में पूर्व में वाहन स्वामी एवं चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेजा जा चुका है। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने मवेशियों की खरीद-बिक्री में संलिप्त फरार आरोपी आबिद अंसारी (32 वर्ष), निवासी सोनपूर्वा, थाना रंका, जिला गढ़वा (झारखंड) को घेराबंदी कर सीतापुर रोड, अंबिकापुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि अवैध मवेशी तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है तथा ऐसे मामलों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट