बलरामपुर

मवेशियों को क्रूरता से ले जा रहे पिकअप को पुलिस ने पकड़ा, दो तस्कर गिरफ्तार
13-Apr-2026 11:07 PM
मवेशियों को क्रूरता से ले जा रहे पिकअप को पुलिस ने पकड़ा,  दो तस्कर गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 13 अप्रैल। पुलिस ने मवेशियों को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर ले जाते हुए एक पिकअप को जब्त कर दो पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 11 अप्रैल की है। थाना राजपुर पुलिस टीम शासकीय वाहन से रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान रात करीब 10 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की पिकअप क्रमांक जेएच 01 जीएन-8143 में मवेशियों को क्रूरता पूर्वक बांधकर तेज गति से अंबिकापुर से राजपुर होते हुए गुमला (झारखंड) की ओर ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल थाना के सामने अंबिकापुर रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। प्रारंभिक पूछताछ में चालक द्वारा भ्रामक जानकारी दी गई, जिस पर सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में वाहन स्वामी ने अपना नाम संदीप बड़ाईक तथा चालक ने अपना नाम संदीप साहू  दोनों निवासी झारखंड बताया।

जांच में सामने आया कि ग्राम जयनगर थाना जयनगर जिला सूरजपुर से 2 गाय एवं 2 बछिया को वाहन में ठूंसकर गुमला ले जाया जा रहा था। मवेशियों को अत्यंत क्रूर तरीके से बांधकर परिवहन किया जा रहा था, जो पशु क्रूरता से संबंधित कानूनों का उल्लंघन है।

पुलिस ने वाहन सहित मवेशियों को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है।

 साथ ही आम नागरिकों से ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।


अन्य पोस्ट