बलरामपुर

ग्रामीण की हत्या : कांग्रेस ने बनाई जांच टीम, सर्व समाज के धरने को समर्थन
18-Feb-2026 9:00 PM
ग्रामीण की हत्या : कांग्रेस ने बनाई जांच टीम, सर्व समाज के धरने को समर्थन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर/कुसमी, 18 फरवरी। बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हंसपुर में एसडीएम करुण डहरिया सहित अन्य अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों से मारपीट के मामले में एक ग्रामीण की मौत के बाद राजनीतिक व सामाजिक हलचल तेज हो गई है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस मामले की जांच के लिए दस सदस्यीय दल का गठन किया है, जो प्रभावित गांव जाकर मृतक व पीडि़त परिवारों, ग्रामीणों तथा प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर घटना की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को रिपोर्ट सौंपेगा।

 

गठित टीम बुधवार को कुसमी पहुंची और घटना के विरोध में चार सूत्रीय मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे सर्व समाज को अपना समर्थन दिया। मंगलवार को ग्राम हंसपुर में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कथित मारपीट की घटना में 62 वर्षीय रामनरेश राम की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके बाद सर्व समाज के लोगों ने कुसमी बस स्टैंड में धरना- प्रदर्शन शुरू कर दिया।

धरना दे रहे लोगों ने मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा, घायलों को पांच-पांच लाख रुपये सहायता राशि, मृतक के आश्रितों को सरकारी नौकरी देने तथा एसडीएम कार्यालय में अटैचमेंट पर पदस्थ कर्मचारियों को मूल पदस्थापना स्थल पर भेजने की मांग की। साथ ही दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग भी की गई।

काफी देर तक चले धरना प्रदर्शन के बाद आपसी सहमति बनी, जिसके पश्चात मुख्यमंत्री के नाम अपर कलेक्टर आर.एस. लाल को ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने सात दिवस में मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

सहमति के बाद प्रशासन व पुलिस की उपस्थिति में कुसमी मर्च्युरी में रखे गए शव को मृतक के घर ले जाकर अंतिम संस्कार किया गया।

धरना प्रदर्शन के समर्थन में पूर्व मंत्री अमरजीत सिंह, पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम, पारस नाथ राजवाड़े, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, वर्तमान जिलाध्यक्ष हरिहर यादव, पूर्व विधायक भानुप्रताप सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेश्वर पैकरा, विजय पैकरा, सफी अहमद, नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र भगत, पी. सिंहदेव, ब्लॉक अध्यक्ष नीरज तिवारी, लालसाय मिंज, मुजस्सम अली, विवेक सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट