बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 11 फरवरी। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कर्रा में एक नवविवाहिता का शव कुएं में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की हर पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 1.30 बजे की बताई जा रही है। मृतका की पहचान 24 वर्षीय शीला लकड़ा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शीला रात में भोजन करने के बाद सो गई थी, जबकि उसका पति अमित लकड़ा देर रात करीब 10 बजे तक क्रिकेट मैच देखने के बाद सोया था।
रात में जब पति की नींद खुली तो उसने पत्नी को बगल में नहीं पाया। घर में तलाश करने के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो वह बाहर खोजने निकला। इसी दौरान घर का कुत्ता बार-बार कुएं की ओर जाता रहा, जिससे संदेह हुआ। टॉर्च की रोशनी में देखने पर कुएं में शीला का शव पानी में तैरता मिला।
सूचना मिलने पर सुबह पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, शादी के दो वर्ष बीत जाने के बावजूद संतान न होने को लेकर परिवार में तनाव की स्थिति थी। बताया गया कि घटना से एक दिन पहले ही महिला अपने पति के साथ अंबिकापुर से संतान प्राप्ति के लिए प्रार्थना कराकर घर लौटी थी।
मामले को लेकर तरह-तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। मृतका के माता-पिता ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शव पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी घटनास्थल पर जांच में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


