बलरामपुर

केंद्रीय बजट युवाओं, किसानों और विकास को समर्पित-प्रबोध मिंज
06-Feb-2026 9:16 PM
केंद्रीय बजट  युवाओं, किसानों और विकास को समर्पित-प्रबोध मिंज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर,6 फरवरी। बलरामपुर जिले के राजपुर स्थित रेस्ट हाउस में शनिवार को लुण्ड्रा विधायक एवं प्रेस वार्ता प्रभारी प्रबोध मिंज, सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा, किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुन्नालाल चौधरी, भाजपा जिला महामंत्री संजय सिंह तथा जिला कोषाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने संयुक्त रूप से केंद्रीय बजट 2026-27 के प्रमुख बिंदुओं को लेकर प्रेस वार्ता की।

प्रेस वार्ता में लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज एवं सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा सहित अन्य नेताओं ने बताया कि बजट में सरकार ने तीन पवित्र कर्तव्य तय किए हैं—उत्पादकता एवं वैश्विक प्रतिस्पर्धा बढ़ाकर तेज व टिकाऊ आर्थिक विकास, आम जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति कर उन्हें समृद्धि का भागीदार बनाना तथा सबका साथ, सबका विकास के विजऩ को साकार करना। उन्होंने कहा कि बजट में वित्तीय अनुशासन के साथ विकास निवेश का संतुलन स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। वर्ष 2026-27 में वित्तीय घाटा जीडीपी का 4.3 प्रतिशत रखने का लक्ष्य तय किया गया है।

नेताओं ने बताया कि 12.2 लाख करोड़ के सार्वजनिक पूंजीगत व्यय से इंफ्रास्ट्रक्चर को नई गति मिलेगी, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और टियर-2 व टियर-3 शहरों का विकास होगा। मेक इन इंडिया 2.0 के तहत बायोफार्मा, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स और कैपिटल गुड्स जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में बड़े निवेश से भारत को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि बायोफार्मा शक्ति और इंडियन सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 युवाओं को उच्च गुणवत्ता वाले रिसर्च एंड डेवलपमेंट एवं इंजीनियरिंग करियर के अवसर प्रदान करेंगे। एमएसएमई सेक्टर के लिए 10,000 रुपए करोड़ के एसएमई ग्रोथ फंड और आत्मनिर्भर भारत फंड के विस्तार से छोटे उद्यमों को इक्विटी सपोर्ट मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा।

इंफ्रास्ट्रक्चर एवं कनेक्टिविटी के तहत नए फ्रेट कॉरिडोर, नेशनल वॉटरवेज और लॉजिस्टिक्स सुधारों से परिवहन लागत घटेगी तथा पर्यटन और व्यापार को मजबूती मिलेगी। शिक्षा, कौशल और सेवाओं पर जोर देते हुए नेताओं ने कहा कि एजुकेशन-एम्प्लॉयमेंट-एंटरप्राइजेज मॉडल से शिक्षा को उद्योग की मांग से जोड़ा जाएगा।

कृषि क्षेत्र में भारत विस्तार, फसल विविधीकरण और मत्स्य विकास से किसानों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण उद्यमिता को बल मिलेगा।

 महिला सशक्तिकरण के लिए एसएचई मार्ट्स, सामाजिक समावेशन के लिए मानसिक स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाओं का विस्तार तथा व्यापार सुगमता के लिए नया आयकर कानून 2025 को ऐतिहासिक बताया गया।

अंत में नेताओं ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 युवा-केंद्रित, सुधारोन्मुख और विकसित भारत की नींव को और मजबूत करने वाला बजट है।

इस अवसर पर सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा, भाजपा जिला महामंत्री संजय सिंह, प्रवीण अग्रवाल, जनपद अध्यक्ष विनय भगत, नगर पंचायत अध्यक्ष धर्म सिंह, जिला पंचायत सदस्य रवि प्रताप मरावी, मंडल अध्यक्ष जगवंशी यादव, जितेंद्र जायसवाल, उदय यादव, अनिल तिवारी, मनोज बंसल, बबलू यादव, संतोष तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट