बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 9 अगस्त। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बदौली में एक नव दंपति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटना के बाद राजपुर पुलिस मामले में मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है।
राजपुर पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि बदौली निवासी अजय पिता बैसाखूराम 30 वर्ष एवं उसकी पत्नी गीता 25 वर्ष का विवाह एक वर्ष पूर्व हुआ था। गुरुवार 7 अगस्त को दोनों ने शराब का सेवन किया, इसके बाद दोनों पति-पत्नी के बीच में झगड़ा हो गया। पति-पत्नी के बीच में झगड़े के बाद अजय कोरवा की पत्नी गीता ने शाम करीब चार पाँच बजे घर के मयार में साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। गीता के फांसी लगाने के जानकारी लगते ही उसके पति अजय ने इसकी सूचना अपने ससुर संजय कोरवा के दी तथा घर वालों की मदद से फांसी पर लटके गीता को नीचे उतारा। परिजनों ने जब देखा की गीता की सांसे चल रही है तो उन्होंने वाहन की व्यवस्था कर तत्काल उसे राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इलाज हेतु लाया गया जहां इलाज के दौरान गीता की मौत हो गई।
इधर, गीता को इलाज के लिए राजपुर ले जाने के समय उसके पति अजय घर पर ही रुक गया, जिसके बाद उसने भी उसी जगह मयार में साड़ी से शाम 7 बजे फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
राजपुर पुलिस ने बताया कि दोनों पति-पत्नी अक्सर शराब पीते थे और दोनों के बीच अक्सर विवाद होते रहता था। गुरुवार की शाम को दोनों ने खूब शराब पिया और विवाद हुआ था। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है वहीं इस घटना में अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि आखिर दोनों पति-पत्नी ने क्यों फांसी लगाई।


