बलरामपुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 4 मार्च। बलरामपुर जिला के जनपद पंचायत रामचंद्रपुर में मंगलवार को अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव सम्पन्न हुआ। चुनाव में भाजपा समर्थित मुद्रिका सिंह निर्विरोध अध्यक्ष बने तथा सुनील तिवारी निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए।
जनपद पंचायत रामचंद्रपुर के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के भाजपा समर्थित निर्विरोध बनने पर समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी एवं एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई।
ज्ञात हो कि जनपद पंचायत रामचंद्रपुर के अंतर्गत 25 जनपद सदस्य क्षेत्र है। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि 23 भाजपा समर्थित जनपद सदस्य चुने गए हंै।
आज जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव में जनपद पंचायत के क्षेत्र क्रमांक 8 से जनपद सदस्य निर्वाचित मुंद्रिका सिंह अध्यक्ष निर्विरोध बने, वहीं जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 13 से जनपद सदस्य सुनील तिवारी भी निर्विरोध उपाध्यक्ष बने।
जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद मुद्रिका सिंह एवं सुनील तिवारी ने कहा कि रामचंद्रपुर विकासखंड के प्रत्येक गांव में विकास बिना भेदभाव के एवं जन भावनाओं के अनुरूप किया जाएगा। हम सब का सामूहिक प्रयास रहेगा की जनपद के अंतिम छोर तक विकास कार्य की कोई कमी नहीं रहेगी।